जानें अंजीर खाने का क्या हैं साइड इफेक्ट्स..

 अंजीर एक ऐसा फल है, जिससे हमारे शरीर को कई सारे फायदे होते हैं। कई पोषक तत्वों से भरपूर अंजीर को लोग पकने के बाद और सूखाकर दोनों ही तरीके से इस्तेमाल करते हैं। यह हमारी सेहत के लिए काफी गुणकारी होता है। यही वजह है कि लोग स्वस्थ रहने और कई समस्याओं से निजात पाने के लिए अंजीर का सेवन करते हैं। यह न सिर्फ हमारी इम्युनिटी को बूस्ट करता है, बल्कि इसमें मौजूद कई सारे पोषक तत्व कब्ज और गैस जैसी समस्याओं से भी राहत दिलाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सेहत को फायदा पहुंचाने वाला अंजीर हमें नुकसान भी पहुंचा सकता है। अगर आप अभी तक इस बात से अनजान हैं, तो आज हम आपको बताएंगे अंजीर से होने वाले कुछ नुकसानों के बारे में-

पथरी

अगर आपको पथरी की समस्या है, तो भूलकर भी अंजीर का सेवन न करें। दरअसल, अंजीर खाने से इसमें मौजूद ऑक्सलेट गुर्दे में पथरी की समस्या को बढ़ा सकता है। साथ ही ज्यादा मात्रा में इसे खाने से गुर्दे में पथरी की समस्या भी हो सकती है।

पेट दर्द

पेट से जुड़ी कई समस्याओं में फायदेमंद अंजीर पाचन के लिए काफी अच्छा माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा मात्रा में अंजीर खाने से पेट दर्द की समस्या हो सकती है। इतनी ही नहीं ज्यादा अंजीर खाने से पेट फूलने की समस्या हो सकती है।

माइग्रेन

सूखे अंजीर में भारी मात्रा में सल्फाइट पाया जाता है। ऐसे में ज्यादा अंजीर खाने से शरीर में सल्फाइट की मात्रा बढ़ सकती है, जो माइग्रेन अटैक बढ़ा सकता है। इसलिए अगर आपको माइग्रेन की समस्या है, तो बेहतर होगा कि आप अंजीर से दूरी बनाए रखें। 

दांत दर्द

अत्यधिक मात्रा में अंजीर का सेवन करने से दांतों में दर्द की समस्या भी हो सकती है। इतना ही नहीं इसकी वजह से कई बार दांतों में सड़न भी होने लगती है। दरअसल, अंजीर में भारी मात्रा में शुगर पाई जाती है। कार्बोहाइड्रेट के रूप में मौजूद यह शुगर दांतों में सड़न और दर्द की वजह बन सकती है।

कैल्शियम की कमी

अंजीर में मौजूद ऑक्सिलेट आपके शरीर में कैल्शियम को अब्सोर्ब कर लेता है। इसकी वजह से कई बार शरीर में कैल्शियम की कमी होने लगती है, जिसकी वजह कई बीमारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.