कनाडा के स्कूल में फायरिंग पर हुआ खुलासा…

टोरंटो ,12 फरवरी । कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज में एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां 18 वर्षीय ट्रांसजेंडर महिला ने कथित रूप से अपनी मां और 11 वर्षीय सौतेले भाई समेत कुल नौ लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, पुलिस कमांडर ड्वेन मैकडॉनल्ड ने बताया कि आरोपी जेसी वैन रूट्सलार एक ट्रांसजेंडर महिला थी। उसने चार वर्ष पहले हाई स्कूल के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उसके पास पहले आग्नेयास्त्र का लाइसेंस था, जिसकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, उसके घर से पहले भी हथियार जब्त किए गए थे, जिन्हें बाद में लौटा दिया गया था।
पुलिस ने यह भी बताया कि रूट्सलार की मानसिक स्थिति को लेकर पहले से चिंताएं थीं। प्रांतीय मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम के तहत उसका एक से अधिक बार मूल्यांकन किया गया था। मैकडॉनल्ड ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पुलिस कई बार परिवार के घर गई थी, ताकि संदिग्ध के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मामलों को संभाला जा सके।
जानकारी के मुताबिक, अपनी मां और सौतेले भाई की हत्या करने के बाद आरोपी उस स्कूल पहुंची, जहां वह चार साल पहले पढ़ती थी। वहां उसने गोलीबारी की, जिसमें 24 अन्य लोग घायल हुए।
स्कूल परिसर में पुलिस को छह लोगों के शव मिले। मृतकों में 39 वर्षीय एक शिक्षिका और पांच छात्र शामिल हैं। छात्रों में तीन 12 वर्षीय लड़कियां और दो लड़के थे, जिनकी उम्र 12 और 13 वर्ष बताई गई है।
हालांकि, पुलिस ने अब तक इस हमले के पीछे के मकसद का खुलासा नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल ऐसी कोई जानकारी नहीं है जिससे यह संकेत मिले कि किसी विशेष व्यक्ति को निशाना बनाया गया था।
बताया जा रहा है कि यह 2020 के बाद कनाडा में हुआ सबसे घातक हिंसक हमला है। वर्ष 2020 में नोवा स्कोटिया में एक बंदूकधारी ने 13 लोगों की हत्या कर दी थी, जबकि आगजनी की घटनाओं में नौ अन्य लोगों की जान गई थी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.