तेजी से बढ़ा घाघरा नदी का जलस्तर, जारी हुआ अलर्ट

यूपी के गोंडा जिले में घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वजह शारदा, गिरजा व सरयू बैराजों से छोड़ा गया पानी है। घाघरा खतरे के निशान के 30 सेमी. नीचे बह रही हैं। हालांकि अभी कटान की कोई सूचना नहीं है। आस-पास के लोगों को अलर्ट किया गया है।

दरअसल, घाघरा से जुड़े शारदा, गिरजा व सरयू बैराजों का डिस्चार्ज गुरुवार को भी बढ़ते क्रम में रहा। जिससे धीरे धीरे नदी का जलस्तर खतरे के निशान की तरफ बढ़ता जा रहा है। घाघराघाट एल्गिन ब्रिज स्थित केन्द्रीय जल आयोग संस्थान से मिले आंकड़ों के अनुसार गुरुवार सुबह आठ बजे घाघरा का जलस्तर 105.776 दर्ज किया गया। जो कि खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर नीचे है।

जानकारों का कहना है कि अगर खराब मौसम के चलते बैराजों से और अधिक मात्रा में पानी घाघरा नदी में छोड़ा गया तो जल स्तर खतरे के निशान को पार कर जायेगा। मौजूदा समय में शारदा बैराज से 1 लाख 31 हजार 337, गिरजा बैराज से 1 लाख 37 हजार 234 व सरयू बैराज से 12 हजार 71 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। बांध पर तैनात बाढ़ खण्ड के एई अमरेश सिंह ने बताया कि अभी कहीं भी कटान की सूचना नहीं है। वहीं बाढ़ खण्ड द्वारा कई टीमें बनाकर बांध की निगरानी करायी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.