एनिमल की रफ्तार हुई धीमी…

2023 बॉलीवुड के लिए काफी अच्छा साबित हुआ है। इस साल कई फिल्मों ने टिकट खिड़की पर धुआंधार कमाई की है। दिसंबर महीने में भी दर्शक ने जमकर सिनेमाघरों का रुख किया है। एक दिसंबर को रिलीज हुई एनिमल और सैम बहादुर को जनता का भरपूर प्यार मिला है। जहां एक ओर रणबीर कपूर की फिल्म कमाई के कई रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफल रही है। वहीं, सैम बहादुर भी कंटेंट के दम पर लोगों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब रही है। आइए जानते हैं कि दूसरे सोमवार को इन दोनों फिल्मों का कैसा प्रदर्शन रहा।

एनिमल का लोगों को लंबे समय से इंतजार था। संदीप रेड्डी वांगा की इस फिल्म में रश्मिका मंदाना, बॉबी देओल और अनिल कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म ने पहले दिन से धमाकेदार शुरुआत की थी। पहले हफ्ते में फिल्म ने 300.81 करोड़ का बिजनेस किया था। बेहद कम समय में इसने 400 करोड़ के क्लब में जगह बना ली।

हालांकि, धीरे-धीरे फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी होती जा रही है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक दूसरे सोमवार को फिल्म ने 13.4 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई 444.67 करोड़ हो गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही यह फिल्म 500 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी।

वहीं, सैम बहादुर भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने मेंं कामयाब रही है। इस फिल्म ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि कंटेंट ही असली किंग होता है। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी यह फिल्म फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के जीवन पर आधारित है।

फिल्म में विक्की कौशल की अदाकारी की जमकर तारीफ हो रही है। इसमें सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख ने भी अहम भूमिका निभाई है। बीते दिन फिल्म ने दो करोड़ का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 58.55 करोड़ हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.