कर्नाटक विधानसभा के साथ ही आज देश भर में हुए उपचुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे..

 कर्नाटक विधानसभा के साथ ही आज देश भर में हुए उपचुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। जिन सीटों पर उपचुनाव हुए हैं, उनमें उत्तर प्रदेश की दो, मेघालय की एक और ओडिशा की एक विधानसभा सीट शामिल है। इसके अलावा, पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित किए जाएंगे। वोटों की गिनती जारी है। 

जालंधर में आम आदमी पार्टी आगे

जालंधर लोकसभा सीट पर अब तक हुई मतगणना में आम आदमी पार्टी के सुशील रिंकू आगे चल रहे हैं। वह करीब 40 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस, तीसरे नंबर पर भाजपा और चौथे नंबर पर अकाली दल-बसपा हैं।

ओडिशा में बीजद उम्मीदवार को मिली बढ़त

ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट पर पहले राउंड की मतगणना में बीजद प्रत्याशी दीपाली दास आगे चल रही हैं। दीपाली दास को 51 हजार 789 मत मिले हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार तंकधर को 28 हजार 190 वोट हासिल हुए हैं।

यूपी में किसे मिली बढ़त?

यूपी की एक सीट पर सपा तो एक सीट पर अपना दल उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। जिन सीटों पर उपचुनाव हो रहे है, उसमें स्वार टांडा और छानबे शामिल हैं। स्वार सीट पर भाजपा गठबंधन के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के प्रत्याशी शफीक अहमद अंसारी आगे चल रहे हैं। उन्हें 16 हजार 614 मत हासिल हुए हैं, जबकि सपा प्रत्याशी अनुराध चौहान को 14 हजार 397 मत हासिल हुए हैं। पीस पार्टी के डॉ नाजिया सिद्दीकी को एक हजार 35 वोट हासिल हुए हैं। वहीं, छानबे सीट पर सपा की कीर्ति कोल आगे चल रही है। उन्हें 18572 हासिल हुए हैं, जबकि अपना दल (सोनेलाल) की प्रत्याशी रिंकी कोल को 15 हजार 324 वोट मिले हैं।

इन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव

जिन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाने हैं, उनमें की स्वार टांडा और छानबे, ओडिशा की झारसुगुड़ा और मेघालय की सोहियोंग सीट शामिल है। इन सीटों पर 10 मई को मतदान हुआ था।

स्वार टांडा और छानबे विधानसभा सीट पर क्यों हुए उपचुनाव?

यूपी की स्वार टांडा विधानसभा सीट पर उपचुनाव पूर्व मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के चलते हुआ। वहीं, छानबे विधानसभा सीट पर अपना दल (एस) के विधायक राहुल कोल के निधन की वजह से खाली हुई थी।

स्वार टांडा और छानबे विधानसभा सीट से प्रत्याशी

स्वार टांडा विधानसभा सीट से भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) ने शफीक अहमद अंसारी, सपा ने अनुराधा चौहान, पीस पार्टी ने डॉ. नाजिया सिद्दीकी को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, तीन निर्दलीय भी चुनावी मैदान में हैं। वहीं, छानबे विधानसभा सीट से अपना दल (एस) ने दिवंगत विधायक राहुल कोल की पत्नी रिंकी कोल और सपा ने पिंकी कोल को चुनावी मैदान में उतारा है। दोनों ही सीटों पर 50 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज किया गया।

मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट पर क्यों हुए उपचुनाव?

मेघालय की सोहियोंग विधानसभा पर उपचुनाव एच डोनकुपर राय लिंगदोह के निधन के कारण हुआ। इस सीट से छह प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर हुए उपचुनाव में 91.87 प्रतिशत मतदान हुआ था।

ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर क्यों हुए उपचुनाव?

ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव पूर्व स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास की हत्या के कारण हो हुआ। यहां से बीजू जनता दल ने दीपाली दास, कांग्रेस ने तरुण पांडेय और भाजपा ने तन्खाधर त्रिपाठी को अपना उम्मीदवार बनाया है। दीपाली दास दिवंगत पूर्व मंत्री की बेटी हैं।

जालंधर लोकसभा सीट पर क्यों हो रहा उपचुनाव?

कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी के निधन के कारण हुआ। यहां से भाजपा ने इंदर इकबाल सिंह अटवाल, आम आदमी पार्टी ने पूर्व विधायक सुशील कुमार रिंकू, शिरोमणि अकाली दल ने मौजूदा विधायक सुखविंद सिंह सुक्खी को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने दिवंगत सांसद की पत्नी कर्मजीत कौर को चुनावी मैदान में उतारा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.