किशोरी से दो युवकों ने उसे बंधक बनाकर रात भर किया दुष्कर्म, पुलिस ने एक आरोपित को किया गिरफ्तार..

पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ में 13 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना सामने आई है। दो युवकों ने उसे बंधक बनाकर रात भर दुष्कर्म किया। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे ने मास्क लगा रखा था जिसकी पहचान नहीं हो सकी है।

 बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित मानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आर्केस्ट्रा देखने गए दो छोटे भाइयों को सोमवार की देर शाम 9:30 बजे बुलाने जा रही बहन (13 वर्ष) को जबरन अगवा कर दो युवकों ने बंधक बनाकर पूरी रात दुष्कर्म किया है। पीड़िता के घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर गेहूं के खेत में आरोपितों ने किशोरी से दुराचार की घटना को अंजाम दिया है।

हालांकि, पुलिस ने मामले में एक आरोपित शेख शमशाद (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। वह पीड़िता के गांव का ही रहने वाला है। वहीं, मास्क लगाए एक अन्य आरोपित की पहचान नहीं हो पाई है। पीड़िता को गंभीर हालत में मंगलवार की सुबह में इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थानाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी ने बताया कि अभी पीड़िता की हालत में सुधार है। मेडिकल जांच के बाद न्यायालय में बयान दर्ज कराया जाएगा। बताया जाता है कि पीड़िता के घर से करीब 500 मीटर उत्तर दिशा में अवस्थित खलिहान में आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। पीड़िता के दो छोटे भाई उम्र क्रमशः 11 वर्ष और 8 वर्ष आर्केस्ट्रा देखने के लिए गए थे।

रास्ते से बंधक बनाकर बगीचे में ले गए आरोपित

परिवार के सभी सदस्य खाना खा रहे थे। इसी दौरान पीड़िता की मां ने दोनों बच्चों को बुलाने के लिए बेटी को भेजा। वह घर से अभी निकली ही थी कि अपने दरवाजे पर खड़े शेख ने पीड़िता को पकड़ लिया। तभी मास्क लगाए एक अन्य आरोपित भी वहां आ गया। दोनों जबरन पीड़िता को उठाकर घर से पूरब बगीचा में ले गए।

किसी ने नहीं सुनी चीखने-चिल्लाने की आवाज

गांव के अधिकांश लोग आर्केस्ट्रा देखने के लिए गए थे। इसलिए किसी ने किशोरी के चीखने-चिल्लाने की आवाज नहीं सुनी। आरोपितों ने पीड़िता के विरोध और चिल्लाने पर उसके दोनों हाथ और मुंह को कपड़े से बांध दिया। पीड़िता ने बताया है कि आरोपितों ने पूरी रात उसके साथ दुराचार किया। वह बेहोश हो गई। मंगलवार अल सुबह पीड़िता होश में आने के बाद अपने घर जा रही थी।

पीड़िता को अपने घर ले गई गांव की महिला

इसी दौरान गांव की एक महिला ने उसे देखा। पीड़िता कांप रही थी। उक्त महिला पीड़िता को अपने घर ले गई। उसकी सूचना पर पीड़िता की मां और स्वजन पहुंचे। फिर उसे अस्पताल पहुंचाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज किया जा रहा है। एक अन्य आरोपित की पहचान कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.