गोवा से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में खराबी, सभी यात्री को उतारा गया सुरक्षित 

गोवा एयरपोर्ट के निदेशक एस वी टी धनंजय राव ने कहा कि भारतीय नौसेना के बचाव दल ने सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया। उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि नौसेना की टीमें विमान को टैक्सी बे में ले गईं।

 गोवा से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में खराबी पाई गई। इसके बाद फ्लाइट में मौजूद सभी यात्रियों को दूसरे विमान से मुंबई भेजा जा रहा है। इस मामले की अधिक जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंडिगो के एक विमान 6E 6097 के इंजन में गोवा एयरपोर्ट पर खराबी आ गई। इस विमान में 187 यात्री सवार थे। ये सभी पणजी से मुंबई जाने वाले थे।

राव ने कहा कि इंडिगो विमान 6ई 6097 गोवा से मुंबई की उड़ान भरने के लिए तैयार था। इसमें चार बच्चों सहित 187 यात्री मौजूद थे। दोपहर 1.27 बजे रनवे पर आगे बढ़ते समय दाहिने इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान को रोकना पड़ा।

सूत्रों ने कहा कि इसे नौ नंबर की टैक्सी बे से पीछे धकेलना पड़ा। साथ ही बताया कि इस घटना के कारण अन्य विमानों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई है।

इंडिगो की दिल्ली-कोलकाता फ्लाइट में भी आई थी खराबी

बता दें कि विमानों में खराबी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले दिन ही इंडिगो की दिल्ली-कोलकाता फ्लाइट में धुएं का पता चलने के बाद कोलकाता हवाई अड्डे पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। इंडिगो फ्लाइट 6E-2513 के कार्गो होल्ड एरिया में धुएं के कारण फ्लाइट के पायलटों ने इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने एयरपोर्ट फायर ब्रिगेड को सुरक्षित लैंडिंग के लिए अलर्ट किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.