प्रेमिका से नाराज होकर माथे में मारी गोली,घायल अवस्था में बहन और मां के पहुंचा जिला अस्पताल.. 

डिलेवरी ब्वाय प्रेमिका से नाराज होकर माथे में तमंचा सटाकर मारी गोली। घायल अवस्था में बहन और मां के साथ ई-रिक्शा से पहुंचा जिला अस्पताल। पुलिस टीम पहुंची तब घायल ने सुनाई प्रेम कहानी।

 बुजुर्गों से सुना है कि मौत जब आनी होती है,तो आकर रहती है। जिसकी मौत नहीं लिखी होती है,उसे कोई नहीं मार सकता है। इसी बात को एक घटना चरितार्थ करते हुए दिखाई दी। गुरूवार को एक युवक ने प्रेमिका से नाराज होने के बाद माथे में तमंचा सटाकर गोली मार ली। लेकिन गोली माथे को चीरने की जगह उसके माथे में जा फंसी। गोली लगने के बाद भी युवक होश में रहा। घर वालों को सूचना देकर बुलाया। इसके बाद ई-रिक्शा में मां और बहन के साथ बैठकर जिला अस्पताल पहुंच गया। पुलिस भी इस घटना की जानकारी के बाद हैरान हो गई।

एसपी सिटी सच्चाई जानने के लिए पहुंचे

सच्चाई जानने के लिए एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया और सीओ डाक्टर अनूप सिंह जिला अस्पताल पहुंचे,तो उनके सामने युवक ने पूरी प्रेमकहानी बता डाली। उसके बोलते हुए देखकर कुछ देर के लिए अफसर भी हैरान रह गए। बिजनौर जनपद के धामपुर थाना क्षेत्र के मुहल्ला रानीबाग निवासी विपिन विश्नोई हैं। वह मौजूदा समय मुरादाबाद के अगवानपुर स्थित दीवान शुगर मिल में सुरक्षा गार्ड के पद तैनात है।

दो माह पूर्व ही उन्होंने शेरुआ चौराहे के पास जिला सहकारी बैंक के सामने वाली गली में नानकचंद के आवास के किराए पर कमरा लिया था। मकान की पहली मंजिल पर वह परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी अंशु विश्नोई और बेटा हर्ष विश्नोई भी रहता है। जबकि बहन नेहा की कोतवाली थाना क्षेत्र के बुधबजार में ससुराल है। बेटा हर्ष फूड डिलीवरी कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम करता था।

घर पर था हर्ष, कमरे से आई गोली की आवाज

कुछ दिनों पहले उसने काम छोड़ दिया था। गुरुवार को विपिन अपनी ड्यूटी पर गए थे। बेटा हर्ष मां अंशु के साथ घर पर था। शाम करीब चार बजे हर्ष अचानक घर में आया,इसके बाद कमरे में जाकर अचानक माथे में तमंचा सटाकर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही मां अंशू दौड़कर कमरे में पहुंची,तो बेटा लहुलुहान पड़ा था। मां ने तत्काल बेटी नेहा को सूचना दी। इसके बाद उसे ई-रिक्शा में घायल बेटे को बिठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंची। सूचना पाकर पिता विपिन विश्नोई भी सीधे अस्पताल पहुंच गए। भर्ती कराते समय हर्ष के स्वजन ने बताया कि दो अज्ञात युवक बेटे को गोली मारकर भाग गए हैं।

अस्पताल ने दी पुलिस को सूचना

अस्पताल से सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस के साथ ही उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में पहले युवक ने गुमराह किया। लेकिन कुछ देर बाद हर्ष ने पूरी सच्चाई बता दी। उसने बताया कि प्रेमिका से विवाद के कारण उसने आत्महत्या करने का प्रयास किया था। सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि एक युवक गोली लगी है। स्वजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.