मुरादाबाद: बेटी पैदा होने पर दे दिया तीन तलाक

मुरादाबाद में कम दहेज मिलने के कारण पति ने विवाहिता को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने पुलिस से इसकी शिकायत की है। दूसरे मामले में एक व्यक्ति ने पत्नी से मारपीट करते हुए बहन के सामने ही उसे तलाक दे दिया। पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में केस दर्ज कर लिया गया है।

पाकबड़ा थाना क्षेत्र की महिला को बेटी पैदा होने पर उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने इस मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीडिता ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।

संभल जनपद के असमाेली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव निवासी मुस्लीमीन जहां ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि दो साल पहले उसकी शादी पाकबड़ा के पल्लूपुरा मिलक निवासी सुहैल साथ हुई थी। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही पति सुहैल, सास शहाना, ननद शिमल व इरम, देवर मोहम्मद जैद दहेज के लिए ताने मारते थे।

पति सुहैल ने बाइक और एक लाख रुपये नकद मायके से लाने के लिए दबाव बनाया। महिला ने इसका विरोध किया तो मारपीट की। इसी बीच पीड़िता ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद पति और ससुराल वालों का उत्पीड़न और बढ़ गया।

आरोप है कि 28 मार्च 2024 को ससुराल वालों ने महिला के साथ मारपीट की। इसके बाद पति सुहैल ने तलाक देकर संबंध खत्म कर दिए। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया है।

बेटी के सामने महिला को दिया तीन तलाक
सिविल लाइंस क्षेत्र में बेटी और बहन के सामने एक महिला को पति ने तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित महिला ने बताया कि 16 दिसंबर 2006 को उसका निकाह मूंढापांडे के गांव निवासी युवक से हुआ था।

निकाह के बाद कुछ दिन तक तो पति व ससुरालियों का व्यवहार ठीक रहा। इसके बाद उसके साथ मारपीट और गाली गलौज करने लगे। पांच बच्चे होने के बाद भी ससुरालियों का व्यवहार नहीं बदला। तीन साल पहले पति, जेठ, जेठानी, जेठ का बेटा और ननदोई ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।

इसके बाद पीड़िता अपने बच्चों को लेकर किराये के मकान में रहने लगी। आरोप है कि ससुरालियों ने उसके दहेज का सारा सामान और गहने अपने पास रख लिए। महिला का आरोप है कि 11 जून को आरोपी पति घर में घुसकर महिला और उसके बच्चों के साथ मारपीट की।

विरोध करने पर आरोपी पति ने पीड़िता की बेटी और फुफेरी बहन के सामने आरोपी पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद आरोपी भाग गया। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है।

दहेज न मिलने पर महिला को दिया तलाक
मूंढापांडे में दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला को तीन तलाक दे दिया। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने अपनी बेटी की शादी नियामतपुर इकरोटिया निवासी इमरान के साथ की थी।

एक वर्ष बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया था। आरोप है कि पति और ससुराल वाले उसे ताने मारने लगे थे। बच्ची की एक साल के बाद बीमारी से मृत्यु हो गई थी। उसने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि दहेज की मांग को लेकर आए दिन पति मारपीट करता था।

एसएचओ शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पीडिता की तहरीर आधार पर पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.