बिहार के समस्तीपुर में एक बार फिर भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए एक शख्स को पीट पीट कर मौत के घाट उतार दिया। मृतक पर बैल चोरी का इल्जाम लगाया गया है। उसके तीन साथी भागकर जान बचाने में सफल रहे, वरना उन्हें भी भीड़ मार डालती। घटना विभूतिपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले चकहबीब गांव की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव में पहुंच गई है। घटना के बाद गांव से बड़ी तादाद में लोग फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौके से पुलिस ने एक बाइक और एक मोबाइल भी बरामद किया है। बाइक और मोबाइल मृतक पशु चोर के बताए जा रहे हैं। मरने वाले चोर की सुबह तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पिटाई के दौरान फरार तो लोगों की खोज की जा रही है। उनके मिलने पर सच्चाई सामने आएगी। घटना के बारे में बताया गया है कि गत रात चार पशु चोर चकहबीब गांव में पहुंचे थे। ये चोर सुखलाल सहनी की एक जोड़ी बैल चुरा ले जाने लगे। इसी बीच गांव में किसी की नींद खुल गई और चोरी पकड़ी गई। चीख-पुकार होने पर इकठ्ठा हुए ग्रमीणों ने चोर को खदेड़ना शुरू किया, जिसके बाद तीन भाग गए जबकि एक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। उसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। भीड़ में शामिल लोगों ने उसे इतना पीटा कि उसने दम तोड़ किया।
बताया गया है कि ग्रामीणों की पिटाई से चोर की मौके पर ही जान निकल गई। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा दिया गया है। घटना के बाद में सनसनी मची हुई है। पुलिस ने घटना स्थल से कई सबूत जुटाए हैं। चोर के परिजनों की खोजबीन की जा रही है। पुलिस उन तीनों को भी खोज रही है जो घटना के समय मृतक के साथ थे
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper