मंहगाई के दौर में कोटक महिंद्रा बैंक ने भी मिलाया सुर, होम लोन किया मंहगा

मुंबई। होम लोन के महंगे होने की शुरुआत हो चुकी है। निजी सेक्टर के बैंक कोटक महिंद्रा बैंक ने इसकी शुरुआत की है। बैंक अब घर के लिए दिए जाने वाले कर्ज पर 6.55% सालाना ब्याज लेगा। अभी तक यह ब्याज दर 6.50% थी।

10 दिसंबर तक लागू रहेगी नई ब्याज दर

बैंक ने सोमवार को इसकी घोषणा की। बैंक ने कहा कि ब्याज की नई दर 9 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच लागू रहेगी। 9 नवंबर और 10 दिसंबर दोनों दिन भी इसमें लागू रहेंगे। कोटक महिंद्रा बैंक ने दावा किया कि बाजार में यह सबसे कम ब्याज दर है। हालांकि पिछले महीने ही यूनियन बैंक ने होम लोन में सबसे कम ब्याज दर को ऑफर किया था।

यूनियन बैंक का ब्याज सबसे कम

यूनियन बैंक इस समय 6.45% पर होम लोन दे रहा है। होम लोन इंडस्ट्री में यह सबसे कम ब्याज दर है। इससे पहले सितंबर में कोटक महिंद्रा बैंक ने त्योहारी सीजन में दरों को कम किया था। उस समय बैंक 6.50% पर होम लोन देने की घोषणा की थी। यह सीमा 8 नवंबर को खत्म हो गई। बैंक ने इसके बाद ब्याज दर बढ़ा दिया है। एक बयान में बैंक ने कहा कि लोन के लिए जो भी एप्लिकेशन 8 नवंबर तक बैंक को मिली होगी, उन्हें 6.5% के ब्याज पर ही लोन मिलेगा। हालांकि यह लोन 15 नवंबर से पहले डिस्बर्स भी हो जाएगा। अगर लोन का डिस्बर्समेंट उसके बाद होगा तो फिर 6.55% ब्याज देना होगा।

सैलरी और सेल्फ इंप्लॉयड दोनों के लिए एक ही दर

बैंक ने कहा कि सैलरी और सेल्फ इंप्लॉयड, दोनों के लिए यह नई ब्याज दर लागू होगी। कोटक डिजी होम लोन के जरिए तुरंत इन प्रिंसिपल मंजूरी मिलेगी। इस बारे में कोटक महिंद्रा बैंक के कंज्यूमर असेट्स के प्रेसीडेंट अंबुज चंद्राना ने कहा कि बहुत हाल के समय तक हमारा 60 दिनों का त्योहारी होम लोन काफी सस्ता था। हमने काफी मजबूत मांग ग्राहकों की ओर से देखी थी। हम नए होम लोन रेट को अब आगे बढ़ाना चाहते हैं।

आसान पॉलिसी अब सामान्य हो

इससे पहले आज सुबह कोटक महिंद्रा बैंक के MD उदय कोटक ने सोशल मीडिया पर कहा कि रिजर्व बैंक को अब अपनी मॉनिटरी पॉलिसी को सामान्य करना चाहिए। यानी जो राहत रिजर्व बैंक ने दी थी, उसे वापस लिया जाना चाहिए। कोटक ने कहा कि लो रेट का डिस्काउंट अब खत्म होना चाहिए। बता दें कि भारतीय बैंकिंग इतिहास में इस समय सबसे कम ब्याज दरें लोन पर और डिपॉजिट पर है। लोन पर ब्याज दरें 6.45% जबकि डिपॉजिट पर यह 6% से नीचे पहुंच गई है। ज्यादातर बैंक इस समय 6.5 से लेकर 7% के बीच होम लोन दे रहे हैं।