युवती ने दरोगा पर लगाया बलात्कार का आरोप, खाया जहर

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जिले के सारनाथ क्षेत्र की 27 वर्ष की एक लड़की ने पुराना पुल चौकी प्रभारी संग्राम सिंह पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर जहर खा लिया। इस घटना के बाद पुलिस आयुक्त के आदेश पर सारनाथ थाने में दरोगा के खिलाफ दुष्कर्म और अन्‍य धाराओं में केस दर्ज कर दिया गया है।

इसके साथ पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पर कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। ACP ज्ञानप्रकाश राय पर भी गाज गिरी है, उन्हें आफिस से अटैच कर दिया है। वहीं, उनकी जगह पर रत्नेश्वर सिंह को नया ACP बनाया गया है। इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह को अर्जुन सिंह के स्थान पर नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। 

बता दें कि, पीड़ित लड़की शाम को पुलिस चौकी पहुंची थी। वहां पहुंचते ही उसकी हालत खराब होने लगी। बताया जा रहा है कि उसने चौकी पहुंचने से पहले ही जहर खा लिया था। जिसके बाद पुलिस ने फ़ौरन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। युवती का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया है। जब वह चौकी पर पहुंची तो आरोपी अफसर मौजूद नहीं था। प्रकरण का पुलिस कमिश्नर ने गंभीरता से लिया है और जांच के आदेश दे दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.