आइए जानते हैं आसानी से बनने वाले रवा नारियल मोदक की रेसिपी

 गणेश चतुर्थी के मौके पर गणपति बप्पा को प्रसन्न करने के लिए लोग मोदक का भोग लगाते हैं। जो कई तरीकों से बनाए जाते हैं। आइए जानते हैं आसानी से बनने वाले रवा नारियल मोदक की रेसिपी।

 गणेश चतुर्थी का त्योहार नजदीक है। घरों में भगवान गणेश की स्थापना की तैयारियां जोरों-शोरों से शुरू हो चुकी हैं। पूजा-पाठ, साज-सज्जा के अलावा एक और चीज़ जो इस अवसर पर घरों में खासतौर से किया जाता है वो है उनके भोग की तैयारी। बप्पा को मोदक बहुत पसंद है, तो अगर आप गणपति बप्पा को प्रसन्न करना चाहते हैं तो उन्हें मोदक का प्रसाद जरूर चढ़ाएं। घर पर बहुत ही कम चीज़ों और समय में  आसानी से तैयार कर सकते हैं मोदक। तो चलिए जानते हैं इस इंस्टेंट मोदक की रेसिपी।

सामग्री

1 कप सूजी, 1/4 कप पिघला हुआ घी, 1/3 कप दूध, 2/3 कद्दूकस किया नारियल, 2/3 कप चीनी, 1/3 कप पानी, 1/4 टीस्पून इलायची पाउडर, कुछ कटे हुए पिस्ता सजाने के लिए, घी ग्रीसिंग के लिए

मोदक बनाने की विधि

– सबसे पहले पैन में सूजी को धीमी आंच पर लगभग पांच मिनट तक भून लें।

– इसके बाद इसमें पिघला हुआ घी मिलाकर और 3-4 मिनट तक भूनें। इसमें से हल्की-हल्की खुशबू आने लगेगी।

अब बारी है इसमें दूध मिक्स करने की।

– इसके बाद इसमें कद्दूकस किया नारियल डालें। सारी चीज़ों को एक साथ मिला लें और गैस ऑफ कर दें।

– चाशनी अलग पैन में बनाना है। इसके लिए किसी बर्तन में पानी और चीनी उबलने के लिए रख दें। 3 मिनट उबलने दें। इतनी देर में एक तार की चाशनी तैयार हो जाएगी। गैस बंद कर दें और इसमें इलायची पाउडर मिक्स कर दें।

– चाशनी को सूजी वाले मिक्सचर में डालकर मिलाएं

थोड़ी देर के लिए सूजी वाले मिक्सचर को गैस पर डालकर पकाएं जिससे सारी चीज़ें अच्छी तरह आपस में मिक्स हो जाएं।

– मिक्सचर को 4-5 मिनट के लिए ठंडा होने के लिए छोड़ दें। इसके बाद इसके छोटे-छोटे बॉल्स तैयार करें। बॉल्स न बन पाएं तो एक मिनट और पका लें।

मोदक बनाने के लिए आप चाहे तो मोल्ड का इस्तेमाल करें। या फिर हाथों पर छोटी लोई लेकर इसे दबाकर बीच में जगह बनाएं।

– ऊपर से पिस्ता के कटे हुए टुकड़े सजाते जाएं।इन सारे मोदक को मलमल के कपड़ें में रखें। स्टीमर तैयार कर उसमे इन मोदक को दस से पंद्रह मिनट के लिए पकने दें। बस तैयार है गणपति बप्पा के प्रिय मोदक। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.