दिल्ली में मंकीपॉक्स का छठा मामला सामने आया

दिल्ली में रविवार को मंकीपॉक्स का छठा मामला सामने आया है। एक माह पहले अफ्रीका से आई युवती पाजिटिव मिली है। अब तक पांच मरीज ठीक हो चुके हैं उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

राजधानी दिल्ली में मंकीपाक्स का छठवां मामला सामने आया है। मूलरूप से अफ्रीका की रहने वाली 22 वर्षीय युवती मंकीपाक्स से संक्रमित पाई गई है। वह एक माह पहले ही अफ्रीका से दिल्ली पहुंची हैं। वह यहां द्वारका में रहती हैं।

5 दिनों से लोकनायक अस्पताल में भर्ती

पांच दिनों से वह लोकनायक अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई। वहीं अब तक पांच मरीज ठीक हो चुके हैं। इसलिए उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। लोकनायक अस्पताल के निदेशक डा. सुरेश कुमार ने कहा कि तीन दिनों से उसे बुखार, हथेली, गर्दन व शरीर के कई हिस्सों की त्वचा पर फफोले होने के कारण उसे 31 अगस्त को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। उसके गले पर गांठ भी बने हुए हैं।

मंकीपाक्स जैसे लक्षण होने पर कराई गई जांच

मंकीपाक्स जैसे लक्षण होने के कारण उसका सैंपल जांच के लिए राष्ट्रीय वायरोलाजी संस्थान (एनआइवी) पुणे भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई। लक्षण के आधार पर डाक्टर बुखार की दवा, एंटी-एलर्जिक व अन्य जरूरी दवाएं दे रहे हैं।

दिल्ली में 24 जुलाई को मिला था पहला केस

दिल्ली में पहला मामला 24 जुलाई को सामने आया था। इसके बाद से अब तक छह मामले आ चुके हैं। उन सभी मरीजों की उम्र 20 से 35 वर्ष के बीच है। इनमें से पांच मरीज अफ्रीकी देशों के रहने वाले हैं। सभी मरीजों को बीमारी के हल्के लक्षण थे।

डाक्टर बताते हैं कि हाल ही में हुए अध्ययन में यह पता चला है कि मंकीपाक्स के संक्रमण के कारण बीमारी के लक्षण सामने आने के करीब एक सप्ताह में दिल की मांसपेशियों में सूजन हो सकती है। इस वजह से धड़कन बढ़ने की समस्या हो सकती है। राहत की बात है कि दिल्ली में अब तक किसी मरीज में ऐसे लक्षण नहीं देखे गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.