यूपी: सीएम योगी बोले- ध्रुवीकरण का है चुनाव, एक तरफ जातिवाद तो दूसरी तरफ राष्ट्रवाद

सहारनपुर में सीएम योगी ने कहा कि चुनाव ध्रुवीकरण का है। एक तरफ जातिवादी और दूसरी तरफ राष्ट्रवाद के लोग हैं। उन्होंने कहा कि अब माफिया जेल में हैं या जहन्नुम में, जो बचे-खुचे हैं वह राम नाम सत्य की यात्रा पर निकल लिए।

सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव ध्रुवीकरण का है। एक तरफ जातिवादी और दूसरी तरफ राष्ट्रवाद के लोग हैं। एक तरफ तुष्टिकरण की नीति पर चलने वाले हैं तो दूसरी तरफ भारत माता का सम्मान ऊंचा रखने वाले हैं। अब यूपी के लोग दंगा करना और पत्थरबाजी भूल गए हैं। पहले पश्चिमी यूपी में त्योहारों पर कर्फ्यू लग जाता था और कांवड़ यात्रा नहीं निकलती थी। जो लोग चिल्लाकर उपद्रव करते थे हमने उस माइक को ही उतार दिया। न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने बड़गांव और गंगोह में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि पहले माफिया का राज था। अब माफिया जेल में हैं या जहन्नुम में, जो बचे-खुचे हैं वह राम नाम सत्य की यात्रा पर निकल लिए। भाजपा ने उन माफिया की गर्मी को शांत कर दिया है। पूर्व की सरकारों में बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। हमारी सरकार में दंगाइयों को उल्टा लटका के नीचे मिर्च का छौंक लगा दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत सम्मान राष्ट्रीयता के सामने तुच्छ है। राष्ट्र आगे बढ़ेगा तो सभी आगे बढ़ेंगे। हनुमान चालीसा की चौपाई बल बुद्धि विद्या देऊ मोहि हरहुं क्लेश विकार का उल्लेख करते हए कहा कि जातिवाद और क्षेत्रवाद का क्लेश हर डालिए। अपना जनार्दन स्वरूप दिखा कर बोलिए जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। कांग्रेस, सपा और बसपा ने सहारनपुर को क्या दिया। सहारनपुर लोकसभा सीट से सपा-कांग्रेस प्रत्याशी पर तंज कसते हुए जो लोग बोटी-बोटी कहते थे आज वह रामायण का गुणगान कर रहे हैं। बिकने वाले कतार में हैं, किसी के बहकावे में नहीं आना।

उन्होंने कहा कि देवबंद को मजहबी जुनून का अखाड़ा बना दिया था। थोड़ी की बात को लेकर फतवा जारी हो जाता था। जिस सहारनपुर को शिक्षा के पवित्र केंद्र के रूप में पश्चिम का काशी बनना था उसे अराजकता और भय फैलाने के लिए मजहबी जुनून का अड्डा बना दिया गया है। वैक्सीन कैसे दी जाएगी यह फतवे से तय होता था। यहां विकास की चर्चा नहीं होती थी।

सीएम योगी ने कहा कि हमने हाईवे बनाए, विश्वविद्यालय बनाया और सहारनपुर को स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है। मां शाकंभरी के नाम पर विश्व स्तरीय यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है। चुनाव के बाद हम भव्य उद्घाटन करेंगे। दोनों ही जनसभा में उन्होंने महाराणा सांगा और महाराणा प्रताप के शौर्य का जिक्र कर राजपूतों को साधने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published.