बीजेपी ने जारी की दिल्ली में स्टार प्रचारकों की लिस्ट

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह व अमित शाह और पार्टी शासित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री दिल्ली में पार्टी के लोकसभा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिसमें हाल ही में कांग्रेस की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष पद छोड़ने वाले अरविंदर सिंह लवली का नाम भी शामिल है। लवली चार मई को भाजपा में शामिल हुए थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, राजस्थान के भजन लाल शर्मा, असम के हिमंत विश्व शर्मा और हरियाणा के नायब सिंह सैनी भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। इस सूची में टिकट कटने वाले मौजूदा सांसद हर्ष वर्धन, मीनाक्षी लेखी, परवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी और गौतम गंभीर भी शामिल हैं। अन्य प्रमुख स्टार प्रचारकों में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, हरदीप सिंह पुरी, स्मृति ईरानी और अर्जुन राम मेघवाल शामिल हैं।

मथुरा से मौजूदा सांसद हेमा मालिनी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्थान के प्रेम चंद बैरवा, दीया कुमारी और बिहार के सम्राट चौधरी भी दिल्ली में पार्टी उम्मीदवारों का प्रचार करते हुए नजर आएंगे। इनके अलावा वरिष्ठ नेता अरुण सिंह, तरूण चुघ, अनिल बलूनी, मनजिंदर सिंह सिरसा, मनोज तिवारी, विजेंदर गुप्ता, सतीश उपध्याय, भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख के. अन्नामलाई भी दिल्ली में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।

भाजपा दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) एक साथ चुनाव मैदान में हैं। ‘आप’ पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नयी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सीट पर चुनाव लड़ रही है जबकि कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली और चांदनी चौक से अपने उम्मीदवार उतारे हैं। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गई। नामांकन पत्रों की जांच मंगलवार को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख नौ मई है। दिल्ली में 25 मई को मतदान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.