दिल्ली के अलावा यूपी और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान..

मौसम विभाग ने बताया कि देश की राजधानी दिल्ली के अलावा यूपी और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान है। इसके अलावा मार्च के अंतिम दिनों में कई राज्यों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

 उत्तर पश्चिम भारत में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने बताया कि 29 मार्च से उत्तर पश्चिम के कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि होने का अनुमान है। इसके अलावा 30 और 31 मार्च को बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में ओलावृष्टि का अनुमान

मौसम विभाग की माने तो 30 और 31 मार्च को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश में, जबकि 30 मार्च को राजस्थान में ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा 30 मार्च को छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है।

दक्षिण भारत में कब होगी बारिश?

आईएमडी ने बताया कि 31 मार्च तक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

दिल्ली में आज छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग की वेबसाइट में बताया गया कि दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। देश की राजधानी में अधिकतम तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा। अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक हो सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। दिल्ली में 30 और 31 मार्च को बारिश होने का अनुमान है।

फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं

मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों के दौरान पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री तक का इजाफा हो सकता है। उसके तीन दिनों के बाद इसमें गिरावट होगी। उत्तर पश्चिम भारत में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक वृद्धि होगी। देश के बाकी हिस्सों में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू चलने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.