जानिए इस नए साल में क्या क्या देखने को मिल सकता है जो आपको पहले से भी ज्यादा स्मार्ट बना देगा..

साल 2022 में टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बहुत कुछ घटा। 5G के लांच से लेकर, ऐप्पल iPhone में सैटेलाइट कनेक्टिविटी तक मिल गयी। लेकिन अब नया साल 2023 शुरू हो चुका है। ऐसे में अब नया साल तकनीक के क्षेत्र में पिछले साल के मुकाबले कैसा रहेगा और क्या क्या नया हो सकता है। यही सब हम आपको बताने जा रहे हैं।

सोशल मीडिया

साल 2022 में पूरे साल ट्विटर छाया रहा। कई विवाद के बाद जहां कंपनी की बागडौर एलन मस्क के हाथों में आई, वहीं साल खत्म होने से पहले मस्क ने CEO का पद भी छोड़ दिया। पिछले साल ट्विटर की बागडोर संभालने के बाद, सीईओ एलोन मस्क ने ट्वीट किया कि वह अब शॉर्ट-फॉर्म वीडियो ऐप Vine को वापस ला सकते हैं, जिसे ट्विटर ने 2013 में खरीदा था। शॉर्ट फॉर्म वीडियो 2022 में बेहद लोकप्रिय हुआ और इसने इंटरनेट पर खूब धूम मचाई लेकिन विश्लेषकों के अनुसार साल 2023 में लॉन्ग-फॉर्म वीडियो में वृद्धि देखी जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साल 2023 में इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग फलती-फूलती रहेगी। इसके साथ ही हम सोशल मीडिया पर भी ई-कॉमर्स में वृद्धि देख सकते हैं।

वर्ष 2022 में BeReal जैसी ऐप का भी उदय हुआ जो यूजर्स को अधिक प्रामाणिक होने में सहायता प्रदान करती है। इसकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए नए साल में इस जैसी और भी ऐप्स आ सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार इस साल थर्ड पार्टी कुकीज़ का उपयोग कम हो सकता है। Google ने घोषणा की है कि वह वर्ष 2024 में इसे चरणबद्ध तरीके से समाप्त कर देगा। इससे कंपनियों की सर्फिंग डेटा तक पहुंच कम हो जाएगी।

मेटावर्स क्षेत्र की बात करें तो यह शब्द पूरे साल 2022 में प्रचलन में रहा। फेसबुक ने जब साल 2021 में खुद को रीब्रांड किया तो उसने अपने नाम के जरिये सभी को आकर्षित करने का काम किया। हालांकि अब साल 2022 भी खत्म हो चुका है, लेकिन मार्क जुकरबर्ग का मेटावर्स को लेकर क्या दृष्टिकोण है ये साफ नहीं हो सका। अब उम्मीद है साल 2023 में इसको लेकर कंपनी कुछ नई घोषणा करेगी।

गैजेट लॉन्च

साल 2022 में जहां एक से एक गैजेट पेश हुए तो वहीं अब साल 2023 में भी नए नए गैजेट लॉन्च होते रहेंगे। महंगे से महंगे स्मार्टफोन बाज़ार में आएंगे तो सस्ते स्मार्टफोन की भी कमी नहीं आएगी। साल 2022 में भारतीय कंपनी लावा ने 10,000 रुपये से कम कीमत में 5G स्मार्टफोन पेश किया तो इस साल 5G स्मार्टफोन और भी सस्ती कीमत में पेश हो सकते हैं। जियो भी इस साल अपना सस्ता 5जी स्मार्टफोन JioPhone 5G के रूप में पेश कर सकता है।

फ़्लैगशिप स्मार्टफोन की बात करें तो सैमसंग इस साल जल्द ही Samsung Galaxy S23 Series को लॉन्च करने वाली है। इस सीरीज में गैलेक्सी S23, गैलेक्सी S23 प्लस और गैलेक्सी S23 अल्ट्रा शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी इस साल Galaxy Z सीरीज के Fold 5 और Flip 5 जैसे स्मार्टफोन भी पेश कर सकती है। गूगल भी अपनी नई Google Pixel 8 सीरीज को पेश करेगी। Apple iPhone 15 सीरीज को इस साल पेश करेगी।

चीनी कंपनियों की बात करें तो OnePlus 11 इस साल पेश होगा। इसके साथ शाओमी अपनी Xiaomi 13 सीरीज को भी भारत में पेश कर सकती है।

जिसमें Xiaomi 13, Xiaomi 13 Pro और Xiaomi 13 Ultra जैसे स्मार्टफोन के नाम शामिल हैं।

स्मार्टफोन के अलावा 2023 में नए नए लैपटॉप, स्मार्टवॉच और ईयरबड्स भी लॉन्च होते रहेंगे। स्मार्टवॉच के क्षेत्र में इस साल लॉंच होने वाली Apple Watch 9 सीरीज़ पर सभी की नज़र बनी रहेगी। इसके साथ ही सैमसंग भी अगस्त तक अपनी Galaxy Watch 6 और 6 Pro पेश कर सकती है। हालांकि सस्ती स्मार्ट वॉच में देसी कंपनियों का जलवा बरकरार रहने की उम्मीद है।

साइबर सुरक्षा

भारत में वर्ष 2022 में साइबर अपराध लगातार चलते रहे, लेकिन दिल्ली में मौजूद AIIMS अस्पताल पर साइबर हमला एक बहुत बड़ी घटना बनी। 5G सेवा के शुरू होने के बाद इस दिशा में भी और अधिक ध्यान देने की जरूरत है। अब 2023 में उम्मीद है साइबर सुरक्षा पर गहरे शोध कर हमलों को रोकने के लिए एक मजबूत तंत्र का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ साइबर हमलों से बचने के लिए समाज में जागरूकता भी फैलानी चाहिए।

Web 3.0

वेब 3.0 इंटरनेट के विकास का अगला चरण है जिसका एक हिस्सा मेटावर्स भी है। वेब 3.0 का मुख्य विचार यूजर्स द्वारा इंटरनेट को विकेंद्रीकृत करना का है।

2023 में मेटावर्स में कई क्षेत्रों में नवाचार देखने को मिल सकते हैं। जानकारों के अनुसार मेटावर्स को शिक्षा सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में एंट्री हो सकती है। कई बड़े ब्रांड इस क्षेत्र में कदम रख चुके हैं, जिसका असर इस साल देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.