झारखंड में अगले 3 दिनों तक नहीं मिलेगी ठंड से राहत, गिर सकता है दो से तीन डिग्री तक तापमान

झारखंड में सर्दी का सितम जारी है। शनिवार को रांची में धूप खिली लेकिन सर्द हवाओं के सामने बेअसर रही। कांके में पारा शनिवार शाम दो डिग्री के करीब पहुंच गया। यहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री दर्ज किया गया जबकि मैकलुस्कीगंज में पारा चार डिग्री पर रहा। खेत-खलिहान में ओस की बूंदें जम गई। रांची का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में रात के तापमान में कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है। अगले तीन दिन में तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है। 

सूबे में शनिवार को भी कड़ाके की सर्दी रही। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह शुक्रवार से 1.7 डिग्री ज्यादा था, लेकिन देश के पहाड़ी भागों से आ रही बर्फीली हवाओं ने गलन और बढ़ा दी है। शनिवार को भी हवाओं की रफ्तार 12-13 किमी प्रति घंटा रही।राज्य के उत्तरी भागों में ठंड और बढ़ गई है। दिन में खिली धूप भी सर्द हवा के सामने बेअसर है। पलामू और संताल के जिलों में कनकनी बढ़ी हुई है। शनिवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और कमी आई। दोनों तापमान सामान्य से नीचे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य के उत्तरी जिलों में शीतलहर चल रही है।

बढ़ेगी सर्द और कनकनी

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर झारखंड के जिलों में कड़ाके की सर्दी है। संताल से लेकर पलामू तक सर्द हवाएं चल रही हैं। इसमें अभी ज्यादा बदलाव आने की संभावना नहीं है। तापमान में मामूली वृद्धि होने के बावजूद सर्द हवा से कनकनी रहेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान देवघर में सबसे कम अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री रहा। यह सामान्य से चार डिग्री कम है।

शाम ढलते ही सड़कें और बाजार सुनसान

दो जनवरी से ठंड बढ़ने से कांके रोड, ब्लॉक चौक, बोड़ेया, पिठोरिया चौक की दुकानें जल्द बंद हो जाती है। लोग घरों में दुबक जाते हैं। क्षेत्र में बढ़ती ठंड को देखते हुए कांके क्षेत्र में सीओ से अलाव की व्यवस्था करने की मांग की गई है। लेकिन, अब तक नहीं की गई है। इससे आमजन, सीआईपी-रिनपास में बाहर से इलाज कराने के लिए आनेवाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही है।

सर्द हवाओं के सामने धूप फीकी

राजधानी का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री और अधिकतम 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे है। अब तक 10 डिग्री से ऊपर चल रहा जमशेदपुर का भी न्यूनतम तापमान शनिवार को 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी में सर्द हवाओं के सामने कड़ी धूप भी फीकी नजर आयी। राज्य के सभी हिस्सों में सर्द हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि नहीं हो रही और यह सामान्य से नीचे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.