जन एकता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष मंत्री दिनेश धनै भाजपा में शामिल हो सकते

उत्तराखंड जन एकता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै भाजपा में शामिल हो सकते हैं। धनै कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से हुई मुलाकात के बाद यह निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष भट्ट ने कोटद्वार भ्रमण से पहले रायवाला स्थित धनै के खांडगांव में पहुंचे।

वहां दोनों नेताओं की आधा घंटे से ज्यादा देर तक चर्चा हुई। इस मुलाकात के सियासी निहितार्थ भी निकाले जाने लगे हैं। दरअसल, 2024 में लोकसभा के चुनाव भी होने हैं। ऐसे में भाजपा की विपक्ष के जनाधार वाले नेताओं पर नजर है और ऐसे नेताओं को पाले में शामिल करने की रणनीति पर अभी से जुट गई है।

लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की पांचों सीटें लगातार दूसरी बार भी भाजपा के खाते में गई हैं। पार्टी ने आने वाले चुनाव में इन सभी सीटें को जीतने के लिए कार्यकर्ताओं को मिशन सौंप दिया है। लिहाजा, हर विधानसभा क्षेत्र में विपक्षी दलों व निर्दलीय दमदार नेताओं के साथ ही सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े व्यक्तियों पर पार्टी की नजरें हैं। उजपा के प्रदेश अध्यक्ष धनै से वर्ष 2012 में टिहरी से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए हैं।

वे कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में वे टिहरी से भाजपा प्रत्याशी किशोर उपाध्याय से काफी कम अंतर से चुनाव हारे थे, जबकि ऋषिकेश से दिनेश धनै के बेटे कनक धनै ने चुनाव लड़ा, हालांकि वे भी चुनाव हार गए थे लेकिन उनका प्रदर्शन दमदार रहा। दिनेश धनै टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष के साथ ही छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

धनै फिर कहां से लड़ेंगे चुनाव: पूर्व कैबिनेट मंत्री अगर भाजपा में शामिल होते हैं तो फिर आने वाला विधानसभा चुनाव किस सीट से लड़ेंगे, यह बहस भी शुरू हो गई है। दरअसल, ऋषिकेश, नरेंद्रनगर, धनोल्टी और टिहरी सीट भाजपा के पास हैं। फिलहाल इनमें से सभी मजबूत चेहरे। अलबत्ता प्रतापनगर सीट कांग्रेस ने इस बार भाजपा से छीनी है। ऐसे में धनै भाजपा में शामिल होते हैं तो पार्टी उन्हें वहां भी परख सकती है।

जयश्री राम तो सभी को कहना चाहिए। राजनीतिक व्यक्ति हूं तो राजनीति तो होती ही रहनी चाहिए। अपने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार सक्रिय रहना जरूरी है। पार्टी कार्यकर्ताओं से राय मशविरा के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा।
दिनेश धनै, अध्यक्ष, उत्तराखंड जन एकता पार्टी 

धनै मेरे अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने ने भी मिलने का आग्रह किया था। दोनों के बीच राजनीतिक मसलों पर चर्चा हुई। इस दौरान मैंने उनसे पार्टी समेत भाजपा में शामिल होने का आग्रह भी किया।
महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा 

Leave a Reply

Your email address will not be published.