हिमाचल में बर्फबारी और झमाझम बारिश से दिन में छाया अंधेरा

येलो अलर्ट के बीच हिमाचल  प्रदेश की राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में झमाझम बारिश हो रही है। धुंध से शिमला में सोमवार सुबह 9:00 बजे ही अंधेरा हो गया।

हिमाचल प्रदेश में मौसम बिगड़ गया है। येलो अलर्ट के बीच प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व अन्य में बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश की राजधानी शिमला व अन्य भागों में झमाझम बारिश हो रही है। शिमला में सोमवार सुबह 9:00 बजे ही अंधेरा हो गया। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से राजधानी का मौसम ठंडा हो गया है। सुबह करीब 8:45 बजे तेज हवाओं के साथ राजधानी में बूंदाबांदी शुरू हुई। धुंध के चलते अंधेरा इतना बढ़ गया कि गाड़ियों को हेडलाइट जलानी पड़ी। बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर, चंबा जिले के लक्कड़मंडी में बर्फबारी दर्ज की गई है। निचले क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है।  भरमौर-पठानकोट हाईवे समेत पांच मार्गों पर भूस्खलन से यातायात बाधित है। 

लोग घरों से गर्म कपड़े पहनकर निकल रहे
उधर, सोमवार सुबह बिलासपुर जिले में शुरू बारिश और तेज सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई। लोग घरों से गर्म कपड़े पहनकर निकल रहे हैं। बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है। मक्की की कटाई के बाद जिले भर में किसान रबी फसलों की बिजाई के लिए तैयारी कर रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी राजीव ने बताया कि 25 अक्तूबर से रबी की फसल का सीजन शुरू होगा। यह बारिश कृषि के लिए बहुत लाभदायक है। 

इतने दिनों तक खराब रहेगा मौसम
वहीं, सिरमौर जिले में भी अंधड़ के साथ बारिश हो रही है। यहां दिन में अंधेरा छा गया। सोलन में भी मौसम खराब बना हुआ है। ऊना जिले में भी मौसम खराब है। यहां दिन में अंधेरा छाने के साथ तेज हवाओं से ठंडक बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज प्रदेश में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मंगलवार को भी अधिकतर भागों में बारिश व चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। राज्य में 18 अक्तूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। 19 से मौसम साफ होने के आसार हैं। 

न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 11.0, सुंदरनगर 13.0, भुंतर 10.1, कल्पा 3.0, धर्मशाला  15.2, ऊना 15.6, नाहन 16.1, केलांग 1.4, पालमपुर 12.5, सोलन 11.7, मनाली 6.1, कांगड़ा 15.4, मंडी 13.0, बिलासपुर 17.0, चंबा 13.9, डलहौजी 7.9, जुब्बड़हट्टी 11.5, कुफरी 8.8, कुकुमसेरी 2.1, नारकंडा 7.6, रिकांगपिओ 6.8, सेऊबाग 8.5, धौलाकुआं 16.9, बरठीं 15.4,  मशोबरा 10.8, पावंटा साहिब 22.0, सराहन 8.5 और देहरागोपीपुर में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 

गेहूं और सब्जियों की फसल को बारिश से मिली संजीवनी

प्रदेश में बारिश से गेहूं और सब्जियों की फसल को फायदा मिला है। बिजाई के दौरान बारिश से गेंहू की फसल को लाभ मिलने की संभावना है। टमाटर की तैयार फसल के लिए भी बारिश संजीवनी बन कर बरसी है। प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में तैयार मटर की फसल के लिए भी बारिश फायदेमंद बताई जा रही है। धनिया, लहसुन, सरसों, मूली, शलगम, मेथी की फसल के लिए भी बारिश लाभदायक साबित होगी। इन दिनों आगामी फसल के लिए प्याज, बंदगोभी और फूलगोभी की पनीरी तैयार की जा रही है।

इस पर भी बारिश का कोई नकारात्मक असर पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि बागवान इन दिनों बगीचों में घास की कटाई का काम कर रहे हैं। बारिश के कारण यह काम प्रभावित हुआ है। कृषि विशेषज्ञ सुनील ठाकुर ने बताया कि जहां गेहूं की बिजाई हो गई है या होनी है दोनों ही स्थिति में यह बारिश फायदेमंद है, हालांकि थोड़ी और बारिश होगी तो अधिक लाभ मिलेगा। टमाटर सहित अन्य सब्जियों की फसल के लिए भी बारिश फायदेमंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.