लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश को देश का खाद्य प्रसंस्करण हब बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने युवा और उद्यमियों से अपील की कि वे इंडिया फूड एक्सपो-2026 का अधिकतम लाभ उठाएँ। श्री मौर्य ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण नीति देश की सबसे बेहतरीन नीति है और इसे विकसित भारत के प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप पूरी तरह लागू किया जाएगा।आज रिगेलिया ग्रीन्स, गोमती नगर में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया फूड एक्सपो एवं सेमिनार को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने एक्सपो एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और उद्योगों के लिए तैयार की गई इंडस्ट्रियल डायरेक्ट्री का विमोचन भी किया। इस अवसर पर पीएमएफएमई योजना के उत्कृष्ट कार्यों के लिए डीआरपी, बैंकर्स, उद्यमियों और लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि पांच उद्यमियों को एलओसी व सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए।श्री मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और किसानों की आय, उत्पादन, तकनीक और ब्रांडिंग के माध्यम से बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है और औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल माहौल है। उन्होंने महिलाओं को उद्यम स्थापित करने में विशेष प्रोत्साहन की जानकारी दी और कहा कि सोलर ऊर्जा से जुड़ी महिला उद्यम परियोजनाओं पर 90 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने और सामूहिक उत्पादित सामग्री के विपणन को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए श्री मौर्य ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में प्रदेश में अपार संभावनाएँ हैं। स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत के दृष्टिकोण के तहत उत्पाद तैयार किए जाएँ और सरकार उद्यमियों के हर कदम पर सहयोग प्रदान करती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की फसल किसी भी हालत में बर्बाद नहीं होने दी जाएगी और किसान, उद्यमी व उपभोक्ता की एक सुदृढ़ श्रृंखला बनाई जाएगी।इंडिया फूड एक्सपो जैसी पहल प्रदेश के किसानों, उद्यमियों और निवेशकों को साझा मंच प्रदान करती है। श्री मौर्य ने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश को फूड प्रोसेसिंग हब के रूप में स्थापित किया जाए। इस क्षेत्र में निवेश, नवाचार और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उप मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग श्री बीएल मीना ने प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों और नीति के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल और अन्य उद्यमियों ने भी अपनी राय और सुझाव साझा किए। इस अवसर पर विधायक श्री नीरज बोरा, खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक श्री टी.के. शीबू सहित कई उद्यमी और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।इंडिया फूड एक्सपो एवं सेमिनार (दसवां संस्करण) 16 से 18 फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें खाद्य प्रसंस्करण, मशीन तकनीक और उत्पादों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी के साथ विशेषज्ञों द्वारा उद्योग स्थापित करने की जानकारी भी दी जाएगी।इस एक्सपो के माध्यम से उत्तर प्रदेश के किसानों, युवाओं, महिला समूहों और उद्यमियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा और प्रदेश को खाद्य प्रसंस्करण हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper