पेंड्रा/गौरेला, गौरेला क्षेत्र से एक बेहद गंभीर घरेलू हिंसा की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एडिशनल एसपी बंगले के सामने मुख्य सड़क पर स्थित एक सुलभ शौचालय परिसर में रहने वाले एक व्यक्ति ने कथित रूप से शराब के नशे में अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी की पहचान शंकर पांडेय के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। घायल महिला शमा शर्मा और उनकी नाबालिग बेटी का इलाज जारी है। घटना महिला वॉशरूम क्षेत्र के पास हुई, जहां यह परिवार अस्थायी रूप से रहकर सुलभ शौचालय की देखरेख और संचालन का काम करता था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति के शराब पीकर आने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया। आग लगने से वहां रखा घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि दंपति मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और काम के सिलसिले में यहां आए थे। पति के शराब सेवन को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद होते रहे थे।
घटना की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई है। अस्पताल से मेडिकल मेमो थाने भेजा जा चुका है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है। जिला अस्पताल में बर्न यूनिट उपलब्ध न होने के कारण दोनों घायलों का उपचार सामान्य वार्ड (आईपीडी) में किया जा रहा है।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper