प्रयागराज। प्रयागराज निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर उठ रहे विवाद पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आजादी का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों ने इसी गीत को गाते हुए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा था। ऐसे में इसे अनिवार्य किए जाने पर आपत्ति महज तुष्टीकरण की राजनीति है। उन्होंने कहा कि हर भारतवासी गर्व से वंदे मातरम् गाना चाहता है।
बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी के कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल होने के सवाल पर पाठक ने कहा कि इससे भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी। सपा ने प्रदेश की जनता को ठगने का काम किया कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इन दलों ने प्रदेश की जनता को ठगने का काम किया है। समाजवादी पार्टी को उन्होंने ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में गुंडों और माफियाओं का बोलबाला रहता था, जबकि अब अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं।
डिप्टी सीएम ने योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के अंतिम बजट को विकासोन्मुख बताया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। एक्सप्रेस-वे, सड़क, रेल नेटवर्क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में ऐतिहासिक प्रगति हुई है। चिकित्सा क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पीजीआई लखनऊ को नोडल बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा रहा है।
मनरेगा का नाम बदलकर ‘जी राम जी’ किए जाने के विरोध पर उन्होंने कांग्रेस को दिग्भ्रमित बताया। कहा कि जहां मनरेगा में 100 दिन रोजगार की गारंटी थी, वहीं नए कानून में 125 दिन रोजगार सुनिश्चित किया गया है, जिससे खेतिहर मजदूरों को अधिक लाभ मिलेगा।
प्रयागराज के मेडिकल कॉलेज स्थित एसआरएन अस्पताल में राजधानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में परियोजना लाई जाएगी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper