लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग मुख्यालय परिसर में नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल सिंचाई भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जलशक्ति राज्यमंत्री राकेश निषाद, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष इं. संदीप कुमार, प्रमुख अभियंता परिकल्प एवं नियोजन इं. अशोक कुमार सिंह सहित विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अन्य अभियंता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।लोकार्पण के अवसर पर मंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह नया भवन सिंचाई विभाग के कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित, संगठित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इससे विभागीय कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन में बेसमेंट और भूतल पर वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रथम तल से चतुर्थ तल तक लगभग 600 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त समीक्षा बैठक एवं अन्य महत्वपूर्ण बैठकों के लिए विशाल सभागार भी निर्मित किया गया है। विभाग का मानना है कि यह भवन जनहितकारी योजनाओं के त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगा।इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से संबंधित न्यायालयी मामलों के ऑनलाइन अनुश्रवण के लिए सूचना प्रणाली संगठन, लखनऊ द्वारा विकसित पोर्टल का भी उद्घाटन किया। यह पोर्टल न्यायालयी प्रकरणों और मध्यस्थता मामलों को डिजिटल माध्यम से दर्ज एवं मॉनिटर करने की सुविधा प्रदान करेगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रत्येक स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी।नई डिजिटल प्रणाली के माध्यम से न्यायालयी मामलों से संबंधित विभिन्न प्रकार की मासिक एवं अन्य रिपोर्ट स्वतः तैयार होंगी, जिससे कागज की बचत के साथ-साथ अभिलेखों के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संधारण में भी सुविधा मिलेगी। विभाग ने इसे प्रशासनिक दक्षता और तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper