जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के हरिहरपुर छावनी क्षेत्र में पशु तस्करों का पीछा कर रही पुलिस पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। मौके से एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर केराकत खुज्जी मार्ग पर घेरेबंदी कर रही पुलिस ने गोवंश से लदी पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो तस्कर रास्ता बदलकर देवलासपुर मोड़ से हरिहरपुर की तरफ भाग निकले। पीछा करते समय तस्करों के साथी स्कॉर्पियो बीच में आ गई और हरिहरपुर छावनी के पास पुलिया पर पहुंचकर तस्करों ने स्कार्पियो को बीच में रोककर पुलिस का रास्ता बंद कर दिया। इसमें से एक तस्कर ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। फायरिंग के बाद तस्कर पैदल भागने लगे। लेकिन पुलिस ने एक तस्कर को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार निवासी देहरी केराकत के रूप में हुई है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस बरामद किया हुआ। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी पुलिस के कब्जे में है। फरार पिकअप और अन्य तस्करों की तलाश में पुलिस की टीमे दबिश दे रही है। क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत रजक ने बताया कि फरार पशु तस्करों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper