चौपाल में सीडीओ ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं 

लालगंज, मीरजापुर। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत कठवार में शुक्रवार को चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विशाल कुमार ने इसकी अध्यक्षता की और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। चौपाल के दौरान, सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने लालगंज को ‘प्लास्टिक वेस्ट जीरो’ बनाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए। इस कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, बीडीओ आईएएस अंशुल हिंदल, डीसी मनरेगा डॉ. सुशांत सिंह, पूर्ति निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, विद्युत विभाग के कर्मचारी, विकास खंड स्तरीय सभी सहायक अधिकारी, कर्मचारी और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। कठवार गांव के ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांग पत्र प्रस्तुत किए। सीडीओ ने गांव में विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विद्युत विभाग के अवर अभियंता को मौके पर जाकर स्थलीय जांच कर निदान कराने का निर्देश दिया। एनआरएलएम के तहत कार्यरत महिला समूहों की सदस्यों ने अपने सीसीएल, व्यवसाय और समूह गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की। सीडीओ ने इन महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। चौपाल के बाद, सीडीओ ने लालगंज ब्लॉक परिसर में निर्माणाधीन विंध्य मार्ट का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक परिसर में स्थित प्राचीन कुएं में उगी झाड़ियों की साफ-सफाई का भी निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया और ग्राम प्रधान तथा पंचायत सचिव को लालगंज ग्राम पंचायत को ‘प्लास्टिक वेस्ट जीरो’ बनाने के लिए निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.