लम्भुआ/सुल्तानपुर। शिवगढ़ के एक युवक से फेसबुक पर सेना अधिकारी बनकर बोलेरो बेचने के नाम पर 95,848 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है। जालसाज ने पैसे लेने के बाद अपना मोबाइल बंद कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कैथापुर ग्राम रसूलहा निवासी मोहम्मद करीम पुत्र मो. मुस्लिम के साथ हुई। 30 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे करीम ने अपनी फेसबुक फीड पर एक बोलेरो गाड़ी बेचने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में गाड़ी मालिक के रूप में राकेश कुमार सिंह पुत्र जय कीरत सिंह निवासी ग्राम बनी, जनपद सुल्तानपुर का नाम था। राकेश ने खुद को भारतीय सेना में अधिकारी बताया और करीम से कहा कि उसका तबादला हो गया है, इसलिए उसे बोलेरो तुरंत बेचनी है। उसने गाड़ी की कीमत 1,80,000 रुपये बताई। राकेश कुमार सिंह ने करीम को अपनी वर्दी में फोटो भी भेजी, जिससे करीम को उस पर विश्वास हो गया। राकेश ने अपनी मजबूरी बताते हुए करीम से कुल 95,848 रुपये अलग-अलग किस्तों में गूगल पे के माध्यम से मंगवा लिए। पीड़ित के पास इन भुगतानों के साक्ष्य भी मौजूद हैं। पैसे मिलने के बाद राकेश ने न तो गाड़ी दी और न ही करीम के पैसे वापस किए। पैसे मांगने पर वह लगातार बहाने बनाने लगा और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। जब मोहम्मद करीम ने दोबारा राकेश के मोबाइल नंबर पर फोन किया, तो वह स्विच ऑफ मिला। थक-हारकर मोहम्मद करीम ने शिवगढ़ थाने में इस संबंध में तहरीर दी। साइबर अपराध की गंभीरता को देखते हुए शिवगढ़ पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है। शिवगढ़ एसओ चंद्रभान वर्मा ने बताया कि पुलिस ने उक्त मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper