यूपी बार काउंसिल चुनाव का दूसरा चरण शुरू 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सामान्य निर्वाचन 2025-26 के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को शुरू हो गया। यह चुनाव सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति (हाईपावर कमेटी) की निगरानी में संपन्न कराया जा रहा है।  इस समिति की अध्यक्षता झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रविरंजन कर रहे हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति एस. आर. मसूरी और दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रेखा पल्ली इसके सदस्य हैं।

चुनाव प्रक्रिया का संचालन इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में हो रहा है। पर्यवेक्षक के तौर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुरेंद्र सिंह निगरानी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य पद के लिए कुल 333 वैध प्रत्याशी मैदान में हैं।

बार काउंसिल का यह चुनाव चार चरणों में 16 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 16-17 जनवरी को संपन्न हुआ था, जबकि दूसरा चरण 20-21 जनवरी को हो रहा है। तीसरा चरण 27-28 जनवरी को और चौथा व अंतिम चरण 30-31 जनवरी को होगा। इन चारों चरणों में कुल 2,49,808 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

दूसरे चरण के तहत 18 जिलों में मतदान हो रहा है। इनमें देवरिया, एटा, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, जालौन, जौनपुर और झांसी शामिल हैं। संबंधित जिला मुख्यालयों और आउटलाइंग मुंसिफ कोर्ट में मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।

चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कई नियम लागू किए गए हैं। मतदान स्थलों से 100 मीटर के दायरे में बैनर-पोस्टर लगाने पर प्रतिबंध है। मोबाइल फोन, कैमरा युक्त इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और हथियार लेकर मतदान केंद्र में प्रवेश वर्जित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.