सुलतानपुर। सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे कूरेभार कस्बे में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने इन आयोजनों का नेतृत्व किया। इस अवसर पर विधायक उपाध्याय ने कूरेभार के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर स्थित शिवालय मेंविधि-विधान से जलाभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने कूरेभार जूनियर हाई स्कूल के समीप स्थित शिवालय में भी जलाभिषेक कर आरती उतारी और प्रसाद वितरित कराया। विधायक ने इस दौरान क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारतीय संस्कृति, आस्था और अखंडता का प्रतीक है। इसके 1000 वर्ष पूर्ण होने का यह पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आमजन से आपसी सौहार्द, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।कार्यक्रम में कूरेभार ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत सिंह, संतराम शुक्ला, मीरामानिकपुर प्रधान प्रतिनिधि राजेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष राज मणि मोर्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप पांडये, अंजनी तिवारी, रुद्र प्रताप सिंह, कूरेभार प्रधान प्रतिनिधि सुरेश कुमार, रामजी सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।जलाभिषेक और आरती के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में धार्मिक चेतना और सामाजिक एकजुटता बढ़ाने वाला बताया।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper