मुंबई में कोस्टल रोड पर कार में आग लगने से यातायात बाधित

मुंबई के कोस्टल रोड पर बृहस्पतिवार सुबह एक कार में आग लग गई, जिसके बाद अधिकारियों ने इस मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात रोक दिया जिससे इलाके में भारी यातायात जाम लग गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना सुबह करीब नौ बजे कोस्टल रोड की दक्षिण दिशा वाली सुरंग के अंदर हुई। मुंबई यातायात पुलिस ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर बताया, ‘‘कार में आग लगने के कारण कोस्टल रोड (तारदेव) के दक्षिण और उत्तर की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात रोक दिया गया है।’’

अधिकारी ने बताया कि व्यस्त समय के दौरान कार में आग लग गई और सुरंग के पास उत्तर एवं दक्षिण की ओर जाने वाली दोनों लेन पर भारी जाम लग गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद हाजी अली और वर्ली कनेक्टर पर यातायात का मार्ग बदल दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि यातायात पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे और एक घंटे के अभियान के बाद कार को हटा दिया गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों तरफ यातायात बहाल हो गया।

दक्षिण मुंबई और उपनगरों के बीच यात्रा के समय को कम करने के लिए बनाए गए कोस्टल रोड के पूरे हिस्से को 16 अगस्त को सभी प्रकार के चार पहिया वाहनों और बसों के लिए खोल दिया गया था।

यह मार्ग वाहनों के लिए 24 घंटे खुला रहेगा। पिछले रविवार को एक तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार कोस्टल रोड के डिवाइडर से टकरा गई थी, हालांकि हादसे में चालक बाल-बाल बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.