प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र में कौशांबी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे पर जानलेवा हमला हुआ। पांच-छह लोगों ने उन्हें पहले लोहे की रॉड से पीटा। पत्थर मारे और फिर बंदूक की बट से सिर पर वार किया। इसके बाद सरकारी गनर से भी पिटवाया। पिटाई से बेटा घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित कुशवाहा कौशांबी के बसपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुशवाहा के बेटे हैं। प्रीतम नगर के रहने वाले अमित कुशवाहा अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में धूमनगंज थाना क्षेत्र के प्रीतम नगर स्थित गेस्ट हाउस साईं वाटिका गए थे।
अमित ने बताया कि पार्टी के दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने एकजुट होकर उस पर हमला बोल दिया। लोहे की रॉड और पत्थरों से मारा। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आईं। हमलावरों ने अपने घर पर तैनात सरकारी गनरों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सरकारी गनरों ने भी बंदूक के कुंदे से मारा। एक आरोपी ने निजी बंदूक से भी सिर और हाथों पर हमला किया। अमित ने बताया कि मैंने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। वहां से मैं सीधे धूमनगंज थाने पहुंचा और अपने परिजनों को सूचना दी।
अमित के भाई के अनुसार जिन लोगों ने मेरे भाई को पीटा है, उसमें तीन लोग उमेश पाल के परिवार से हैं। उन्होंने ही अपने घर पर तैनात सरकारी गनरों को बुलाकर मेरे भाई को पिटवाया। थाने में तहरीर दे दी है। अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper