परीक्षा देने निकली बीए की छात्रा का अपहरण ,

प्रयागराज। सरायममरेज थाना क्षेत्र में लव जिहाद से जुड़ा मामला सामने आया है। स्नातक की परीक्षा देने गई एक 19 साल की छात्रा के लापता होने के बाद परिजनों ने एक युवक पर अगवा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। फिलहाल लोकेशन मुंबई मिलने पर पुलिस की एक टीम वहां पहुंच गई है।

परिजनों के अनुसार, 9 दिसंबर को उनकी बेटी स्नातक की परीक्षा देने के लिए कॉलेज गई थी। कॉलेज कुछ ही दूरी पर स्थित है, लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रा घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों का आरोप है कि एक युवक ने फंसाकर छात्रा को बहला-फुसलाया और उसे अगवा कर ले गया। वह पड़ोस के गांव का रहने वाला है और सिलाई का काम करता है। परिजनों का कहना है कि यह मामला लव जिहाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें उनकी बेटी को निशाना बनाया गया है।

पीड़ित परिवार ने इस संबंध में स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी। इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। परिजन पूरी तरह सदमे में हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। इसी को लेकर पीड़ित पिता ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, छात्रा की शीघ्र बरामदगी और उसे सुरक्षित परिजनों को सौंपने की मांग की है।

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने इस मामले में आरोपी का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया। इस दौरान पता चला कि वह मुंबई में है। इसके बाद पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंची लेकिन वहां पहुंचने के बाद आगे उसकी कोई लोकेशन नहीं मिल सकी क्योंकि उसका नंबर स्विच ऑफ था। पुलिस ने उसके कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी है लेकिन फिलहाल वह गिरफ्त में नहीं आ सका। न ही छात्रा का कुछ पता चल सका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.