गणतंत्र दिवस 2026 में बुंदेलखंड थीम आधारित भव्य शोभायात्रा का आयोजन..


लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) समारोह का आयोजन करने जा रही है। राष्ट्रीय उत्सव को और अधिक गरिमामय स्वरूप देने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन कर रहा है, जो ‘बुंदेलखंड’ की थीम पर आधारित होगी। इस शोभायात्रा के माध्यम से बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, शौर्य, लोक परंपराएं और क्षेत्रीय विविधता प्रभावशाली रूप में प्रदर्शित की जाएंगी। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।पर्यटन मंत्री ने बताया कि शोभायात्रा बुंदेलखंड की वास्तुकला, वीरतापूर्ण विरासत और सांस्कृतिक पहचान को उसके प्रमुख किलों—कालिंजर, झांसी, ओरछा, चरखारी और महोबा—के माध्यम से प्रस्तुत करेगी। यह क्षेत्र साहस, धरोहर और कला-कौशल का प्रतीक है। शोभायात्रा के सफल आयोजन के लिए पर्यटन विभाग ने एजेंसी चयन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।शोभायात्रा में बुंदेलखंड की गौरवशाली विरासत को कथानक के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें प्राचीन स्थापत्य, सांस्कृतिक परंपराएं, लोककला और जीवनशैली की झलक दिखाई जाएगी। साथ ही, ऐतिहासिक प्रतीक और वीरता के उदाहरण दर्शकों के समक्ष पेश किए जाएंगे, जिन्होंने इस भूमि को साहस और स्वाभिमान की पहचान दिलाई है। इसके अतिरिक्त, किलों और महलों के पर्यटन संभावनाओं को उजागर करते हुए यह संदेश दिया जाएगा कि बुंदेलखंड देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनने की क्षमता रखता है।बुंदेलखंड की लोक संस्कृति की झलक देते हुए शोभायात्रा में बुंदेली सांस्कृतिक नृत्य कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में रंगारंग प्रस्तुति देंगे। ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति वातावरण को उत्साह और गरिमा से भर देगी।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह शोभायात्रा महज सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं है, बल्कि बुंदेलखंड के शौर्य, स्वाभिमान और समृद्ध विरासत का उत्सव है। इसके माध्यम से प्रदेश अपनी ऐतिहासिक धरोहर, लोक परंपराओं और स्थापत्य को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करेगा। इस आयोजन से बुंदेलखंड की विशिष्ट पहचान सुदृढ़ होगी और यह क्षेत्र पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरेगा।प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने कहा कि गणतंत्र दिवस 2026 पर बुंदेलखंड थीम आधारित शोभायात्रा राज्य की सांस्कृतिक विरासत को नवाचार और गरिमा के साथ प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम होगी। विभाग का प्रयास है कि शोभायात्रा से बुंदेलखंड की विशिष्ट पहचान और पर्यटन संभावनाओं को नई गति मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.