लखनऊ। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य युवा उत्सव का समापन कार्यक्रम बुधवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर स्थित ज्यूपिटर हॉल में सम्पन्न हुआ। इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के सभी 18 मण्डलों के विभिन्न जनपदों से आए युवा प्रतिभागियों ने सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा, तकनीकी कौशल और नवोन्मेषी विचारों से परिपूर्ण प्रस्तुतियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।तीन दिवसीय इस उत्सव में लगभग 600 युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं और जीवन कौशल से जुड़ी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मंच पर प्रस्तुत लोकनृत्य, गायन, नाट्य, भाषण, कला और नवाचार आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया और युवाओं की बहुआयामी प्रतिभा को उजागर किया। राज्य युवा उत्सव के माध्यम से प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से आए युवाओं को न केवल अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला, बल्कि एक-दूसरे से सीखने और विचारों के आदान-प्रदान का भी सशक्त मंच प्राप्त हुआ।राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित विजयी युवा आगामी 8 से 12 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह अवसर इन युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को स्थापित करने और प्रदेश का नाम रोशन करने का माध्यम बनेगा।समापन समारोह के दौरान महानिदेशालय युवा कल्याण के उप निदेशक अजात शत्रु शाही द्वारा तीन दिवसीय राज्य युवा उत्सव से संबंधित कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सचिव एवं महानिदेशक, युवा कल्याण सुहास एल.वाई. ने विभिन्न विधाओं में प्रतिभाग करने वाले युवाओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार किया जाता है।मुख्य अतिथि ने विभाग को राज्य युवा उत्सव के सफल और भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से निरंतर अभ्यास, कठोर परिश्रम और अपनी कला के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने चयनित युवाओं को राष्ट्रीय युवा उत्सव में पदक प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया और सभी प्रतिभागियों को हार-जीत से विचलित हुए बिना अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने का संदेश दिया।आशीर्वचन के उपरांत विभिन्न विधाओं में विजयी युवाओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके बाद मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।समापन अवसर पर सचिव एवं महानिदेशक युवा कल्याण सुहास एल.वाई., संयुक्त निदेशक अशोक कुमार कनौजिया, महानिदेशालय के उप निदेशक आदित्य कुमार, मेघना सोनकर, सन्दीप कुमार, संजय कुमार सिंह एवं अजात शत्रु शाही, मण्डलीय उप निदेशक शिल्पी पाण्डेय, विवेक चन्द्र श्रीवास्तव, अजय कुमार त्रिवेदी, मनोज कुमार तथा अरविन्द स्वरूप कुशवाहा सहित शासन के अधिकारी-कर्मचारी, ड्यूटी पर तैनात अधिकारी, विभिन्न विधाओं के निर्णायकगण एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी युवा उपस्थित रहे।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper