लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन पश्चिमी अंतर्गत थाना नाका हिण्डोला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुलिस ने लगभग एक वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध लूट से जुड़ा गंभीर आपराधिक मामला दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी द्वारा इनाम घोषित किया गया था।पुलिस के अनुसार दिनांक 03 जनवरी 2026 को थाना नाका हिण्डोला पुलिस टीम ने अथक प्रयास करते हुए जीआरपी कट, चारबाग रोड से अभियुक्त कुनाल सिंह पुत्र कृष्णा प्रताप सिंह उर्फ लाखन सिंह, निवासी वमरौली घाट, थाना देवराहट, जनपद कानपुर देहात को गिरफ्तार किया। अभियुक्त वर्तमान में ग्राम कछगांव, थाना भोगनीपुर, जनपद कानपुर देहात में रह रहा था। अभियुक्त के विरुद्ध थाना नाका हिण्डोला में मु0अ0सं0 09/25 धारा 140(3)/310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।पुलिस ने बताया कि यह मामला 18 जनवरी 2025 का है, जब वादी रोहित पुत्र राजेश प्रसाद निवासी ग्राम रावतपुर, पोस्ट जोनिहाँ, थाना जाफरगंज, जनपद फतेहपुर ने थाना नाका हिण्डोला में प्रार्थना पत्र दिया था। वादी के अनुसार अज्ञात अभियुक्तों ने उन्हें वाहन संख्या यूपी 32 पीएच 5654 में जबरन बैठाकर उनका मोबाइल फोन, कैमरा, पर्स और नकद धनराशि लूट ली थी। इस शिकायत के आधार पर थाना नाका हिण्डोला में मुकदमा पंजीकृत किया गया।विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान कुल आठ अभियुक्त प्रकाश में आए थे, जिनमें से सात अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर माल बरामदगी सहित जेल भेजा जा चुका था। शेष अभियुक्त कुनाल सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त रुपये कमाने की लालच और नशे की आदत के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था। यह गिरोह आमजन को सवारी के रूप में या जबरन वाहन में बैठाकर उनके रुपये और सामान लूट लेता था और बाद में पीड़ित को सुनसान स्थान पर छोड़ देता था।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक श्रीकान्त राय, निरीक्षक बैजनाथ सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह और उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह शामिल रहे। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने स्पष्ट किया है कि अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत फरार, इनामिया और गंभीर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper