गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व शोध पर सरकार का मुख्य जोर :


अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट कर  विश्वविद्यालय में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने एवं शैक्षिक वातावरण को सुदृढ़ करने पर विमर्श किया। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास और भविष्य की कार्य योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान कुलपति ने शिक्षा मंत्री को विश्वविद्यालय की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया। चर्चा का मुख्य उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना रहा। कुलपति डॉ. सिंह ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में छात्रों को नवाचार और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ना अनिवार्य है जिसके लिए विश्वविद्यालय कृत-संकल्पित है। इसके साथ ही, संस्थान में अनुसंधान के दायरे को बढ़ाने और शोध कार्यों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने पर भी गहन मंथन हुआ। कुलपति ने शिक्षा मंत्री के समक्ष विश्वविद्यालय में चल रही शैक्षणिक प्रगति का अपडेट प्रस्तुत किया। चर्चा के दौरान नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत विश्वविद्यालय के अकादमिक सुदृढ़ीकरण, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास एवं भविष्य की रणनीति पर भी विमर्श किया गया। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी ने कुलपति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता-युक्त सुविधाओं को बढ़ाये जाने को शीर्ष प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अवध विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और ढांचागत विकास के लिए शासन स्तर पर हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह व अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.