प्रो.जेपी सैनी ने LU कुलपति का पदभार ग्रहण किया…

लखनऊ विश्वविद्यालय में आज प्रोफेसर जे.पी. सैनी ने विधिवत रूप से विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। यह औपचारिक प्रक्रिया पूर्व कुलपति प्रोफेसर मनुका खन्ना से कुलपति कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।कार्यभार ग्रहण की प्रक्रिया के दौरान पूर्व कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने प्रो. सैनी को संबंधित दस्तावेज सौंपे और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रो. सैनी के नेतृत्व में लखनऊ विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छुएगा।नवनियुक्त कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं अनुभवी प्रशासक हैं, जिन्हें उच्च शिक्षा, अकादमिक नीति, गुणवत्ता आश्वासन तथा संस्थागत विकास के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपने संक्षिप्त संबोधन में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा को और अधिक सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।प्रो. सैनी ने शिक्षा, शोध एवं नवाचार को विश्वविद्यालय की केंद्रीय धुरी बताते हुए छात्र-केंद्रित शिक्षा, रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम और अंतर्विषयक शोध को विशेष रूप से बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के साथ डिजिटल शिक्षा के विस्तार, उद्योग-शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक साझेदारियों को प्रोत्साहित करने का भी संकल्प व्यक्त किया।उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय को अकादमिक उत्कृष्टता, सामाजिक उत्तरदायित्व और वैश्विक पहचान की दिशा में आगे ले जाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.