उत्तर प्रदेश दिवस-2026: देश-विदेश में एक साथ होंगे आयोजन…

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक चेतना और विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का भव्य एवं समारोहपूर्वक आयोजन 24 से 26 जनवरी, 2026 तक किया जाएगा। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 1950 को प्रदेश का नाम संयुक्त प्रांत से बदलकर उत्तर प्रदेश किया गया था। इसी ऐतिहासिक स्मृति को संजोए रखने और प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक तथा आर्थिक प्रगति को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश दिवस को त्रिदिवसीय आयोजन के रूप में मनाया जा रहा है।पर्यटन मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” थीम के अंतर्गत राजधानी लखनऊ, नोएडा सहित प्रदेश के सभी जनपदों में एक साथ किया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन लखनऊ स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर संपन्न होगा, जबकि प्रदेश के सभी जनपदों में जनपद-स्तरीय सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक और विकासपरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ में होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जाएगा, ताकि प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-विदेश में रहने वाले उत्तर प्रदेश के नागरिक भी इस उत्सव से सीधे जुड़ सकें।उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से इसका आयोजन दिल्ली, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशों में भी किया जाएगा। शासनादेश के अनुसार फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर, थाईलैंड सहित विभिन्न देशों में स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त नोएडा स्थित शिल्पग्राम में होने वाले कार्यक्रम में इन देशों के राजदूतों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।जयवीर सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें और उत्तर प्रदेश के नए, वैभवशाली उदय के स्वरूप को साक्षात देखने का अवसर प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थलों पर पूरे प्रदेश के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ आगंतुक अपने-अपने जिलों की प्रगति, परंपरा और विकास यात्रा का अवलोकन कर सकेंगे। साथ ही राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के विचार सुनने का भी यह एक महत्वपूर्ण अवसर होगापर्यटन मंत्री ने 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इसके अगले दिन 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पूरे देश में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया जाएगा, जिसके लिए भी उन्होंने सभी को शुभकामनाएँ दीं।उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का मुख्य आयोजन लखनऊ स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल और नोएडा स्थित शिल्पग्राम में होगा, जबकि मुंबई सहित प्रदेश के अन्य जनपदों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को इस आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए आवश्यक तैयारियाँ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.