नई दिल्ली , उत्तर प्रदेश पर्यटन द्वारा यूपी दिवस के अवसर पर 24 जनवरी 2026 की शाम 05ः30 बजे से राष्ट्रीय राजधानी स्थित दिल्ली हाट में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तर प्रदेशवासी, 18 से 20 देशों के राजनयिक, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और उत्तर प्रदेश से जुड़े विशिष्टजनों की सहभागिता प्रस्तावित है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और परंपराओं को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करना है।जयवीर सिंह ने बताया कि यूपी दिवस-2026 के अवसर पर दिल्ली हाट को ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर विशेष रूप से सजाया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश की विविध नृत्य शैलियों और परंपराओं को दर्शाती मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही पारंपरिक हस्तशिल्प की झलक और उत्तर प्रदेश के विभिन्न अंचलों के प्रसिद्ध क्षेत्रीय व्यंजनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। देश के विभिन्न हिस्सों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को इस अवसर पर सम्मानित भी किया जाएगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि जिन देशों में उत्तर प्रदेश के लोगों की बड़ी आबादी निवास करती है, ऐसे चयनित 18–20 देशों के भारत में पदस्थापित राजनयिकों को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। यह पहल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सशक्त करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की वैश्विक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी दिवस-2026 को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने एक और अहम पहल की है। प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता और प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय मंच से जोड़ने के लिए विदेशों में भी यूपी दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में फिजी, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, सूरीनाम, सेशेल्स सहित लगभग 12 देशों में पदस्थ भारतीय राजनयिकों को पत्र भेजकर वहां यूपी दिवस के आयोजन को सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी दिवस मनाने का उद्देश्य विदेशों में बसे प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों में अपने प्रदेश के प्रति गर्व, आत्मसम्मान और भावनात्मक जुड़ाव को और अधिक सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा। साथ ही लखनऊ को यूनेस्को के ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ नेटवर्क के अंतर्गत मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और व्यापक पर्यटन संभावनाओं को विश्व पटल पर स्थापित करने में भी यह आयोजन अहम भूमिका निभाएगा।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper