नन्हे-मुन्ने बच्चों को दी गयी पठन-पाठन सामग्री



अयोध्या। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राष्ट्रीय विचार केंद्र के तत्वावधान में मनाये जा रहे नेताजी सुभाष चंद्र बोस जन्मोत्सव सप्ताह के अंतर्गत धारा रोड स्थित बाल साक्षरता केंद्र पर नन्हे-मुन्ने बच्चों को पठन पाठन सामग्री एवं जलपान वितरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए साक्षरता केंद्र की प्रधानाचार्य अजय रानी शर्मा ने सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया। पार्षद बुद्धि पाल प्रजापति ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस वास्तविक अर्थों में इस देश के राष्ट्रपुरुष थे, नेताजी के जन्मदिवस को राष्ट्र दिवस घोषित करके हम उनके प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित कर सकते हैं। पार्षद दिलीप यादव ने कहा कि शासकीय अभिलेखों एवं पाठ्य पुस्तकों से हवाई दुर्घटना में नेताजी की मृत्यु का उल्लेख हटाया जाना चाहिए एवं नेताजी के त्याग एवं बलिदान की गौरव गाथा को शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में उचित स्थान दिया जाना चाहिए। समारोह की अध्यक्षता करते हुए विचार केंद्र के अध्यक्ष शक्ति सिंह ने कहा कि जब केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए मुखर्जी कमिशन ने बता दिया कि ताइवान में कोई वायुयान दुर्घटना नहीं हुई थी तो इससे यह सिद्ध हो जाता है कि नेताजी की मृत्यु ताइवान की वायुयान दुर्घटना में नहीं हुई थी। अतः सरकार को यह सच्चाई दुनिया को बतानी चाहिए। समारोह के अंत में आगंतुक अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन समाजसेवी सुप्रीत कपूर ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में अवकाश प्राप्त प्रोफेसर विजय पाल सिंह, सुरेंद्र बहादुर सिंह सेवा संस्थान के डॉक्टर शैलेंद्र विक्रम सिंह, भाजपा के नगर मंत्री देवेंद्र मिश्रा दीपू, आरती गुप्ता एवं मीना आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.