डीएम ने उद्योग व व्यापारी बंधुओं संग की बैठक


कुशीनगर। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु, व्यापार बन्धु एवं श्रम बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक में मेसर्स विशाल ट्रेडिंग कम्पनी, मुसहर बस्ती, जंगल बेलवां, पडरौना के इकाई स्थल के संपर्क मार्ग के पक्के निर्माण एवं चौड़ीकरण के संबंध में नगर पालिका द्वारा अवगत कराया गया कि कार्यादेश जारी हो चुका है तथा शीघ्र ही कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। मेसर्स सीएससी कुशीनगर सठियांव यूपी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, सठियांव, फाजिलनगर के संपर्क मार्ग निर्माण के प्रकरण में जिलाधिकारी द्वारा नगर पंचायत फाजिलनगर को बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित कर टेंडर की प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।‌ मेसर्स बुद्धा वाटर पार्क एवं रिसॉर्ट, एनएच-28, भैंसहां के लंबित धारा-80 प्रकरण में कार्य पूर्ण पाए जाने पर प्रकरण को समाप्त किए जाने का निर्णय लिया गया। इसी प्रकार मेसर्स खट्टर एडिबिल्स, रामपुर बगहां, कप्तानगंज की विद्युत आपूर्ति समस्या के समाधान की जानकारी देते हुए बताया गया कि नवीन उपकेंद्र भड़सर खास चालू हो जाने से समस्या का पूर्ण समाधान हो गया है, जिस पर समिति द्वारा प्रकरण समाप्त किया गया। मेसर्स गुरु इंटरप्राइजेज, कसया के इकाई स्थल संपर्क मार्ग के पक्के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। मिनी औद्योगिक आस्थान नदवां विशुनपुर, फाजिलनगर में गाटा संख्या सुधार का कार्य पूर्ण होने पर उद्यमी संगठन द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। मिनी औद्योगिक आस्थान सरगटिया करनपट्टी, दुदही में विद्युत आपूर्ति सुधार के संबंध में आवश्यक तकनीकी जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने एवं ट्रांसफार्मर स्थापना के निर्देश दिए गए। गोला बाजार, कसया स्थित उद्योग विभाग के पुराने प्रशिक्षण केंद्र के पुनर्निर्माण का कार्य अतिक्रमण हटाकर प्रारंभ कराए जाने की जानकारी दी गई। जिस पर प्रकरण समाप्त किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, ओडीओपी एवं एमवाईएसवाई योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को लक्ष्य पूर्ति में सकारात्मक सहयोग देने के निर्देश दिया। साथ ही जीबीसी-5 के अंतर्गत विभिन्न विभागों को आवंटित 1200 करोड़ के लक्ष्य को समयबद्ध पूर्ण करने के लिए कृषि, पर्यटन, आयुष, बेसिक शिक्षा, गन्ना, मत्स्य, खाद्य सुरक्षा, राजस्व, नगर विकास सहित संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वीकृतियां जारी करने के निर्देश दिए गए। श्रम बन्धु की बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि विभागीय योजनाओं के अंतर्गत श्रमिकों द्वारा आवेदन कर लाभ प्राप्त किया जा रहा है तथा शिविरों के माध्यम से श्रमिकों का पंजीकरण किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु अधिकाधिक आवेदन कराने की अपील की तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से 50-50 आवेदन सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों एवं अनाथ बच्चों हेतु संचालित अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 06 एवं 09 में प्रवेश हेतु आवेदन 01 जनवरी 2026 से प्रारंभ हैं। पात्रता के अंतर्गत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में 30.11.2022 तक पंजीकृत श्रमिकों के अधिकतम दो बच्चे तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी बच्चे आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जिला श्रम कार्यालय, पडरौना अथवा वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी है तथा चयन परीक्षा 22 फरवरी को आयोजित की जाएगी। व्यापार बन्धु की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं का समाधान संबंधित अधिकारियों द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री वंदिता श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, उपायुक्त राज्यकर, अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी संघ के अध्यक्ष राम अशीष जायसवाल एवं अन्य उद्यमी व व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.