सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की अव्यवस्था का शिकार मरीज


सुलतानपुर। तहसील मुख्यालय बल्दीराय पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) इन दिनों अव्यवस्थाओं का शिकार बना हुआ है। जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। केन्द्र पर एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को इसका लाभ बहुत सीमित रूप से मिल रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, एक्स-रे मशीन का तकनीशियन सप्ताह में केवल सोमवार, बुधवार और शनिवार को ही तैनात रहता है। बुधवार को जब संवाददाता सुबह 10 बजकर 38 मिनट पर एक्स-रे कक्ष पहुंचा, तो वहां ताला लटका हुआ मिला। इतना ही नहीं, केन्द्र पर तैनात दन्त चिकित्सक की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है। बुधवार को दन्त रोग ओपीडी भी पूरी तरह बंद मिली। जानकारी करने पर पता चला कि दन्त चिकित्सक भी सप्ताह में मात्र दो दिन ही उपस्थित रहते हैं, जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कई चिकित्सक मनमाने ढंग से ड्यूटी निभा रहे हैं। इसका सीधा असर आम ग्रामीण मरीजों पर पड़ रहा है। फिलहाल, सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजनाएं और सुविधाएं केन्द्र से नदारद नजर आ रही हैं। इस संबंध में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सभी चिकित्सक नियमित रूप से उपस्थित रहें और एक्स-रे सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह चालू कराई जाएं, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.