लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा शिक्षा को अनुभव से जोड़ने की दिशा में एक विशेष पहल करते हुए स्कूली बच्चों को रियायती दरों पर लखनऊ दर्शन बस के माध्यम से राजधानी का भ्रमण कराया गया। इस पहल के तहत कक्षा 6 और 7 के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने दो दिनों में लखनऊ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक पहचान से रूबरू होते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा सहित प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। यह शैक्षिक यात्रा विद्यालय के पाठ्यक्रम का हिस्सा रही, जिससे विद्यार्थियों को किताबों से आगे बढ़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था और शहर की विरासत को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यूपीएसटीडीसी की यह पहल सरकार की अनुभव आधारित पर्यटन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। लखनऊ दर्शन बस के माध्यम से युवा पीढ़ी को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर अपने शहर को जानने और समझने का अवसर मिला है। यह पहल विद्यार्थियों को प्रदेश की विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें भविष्य का जिम्मेदार पर्यटक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।शैक्षिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यूपीएसटीडीसी की ओर से स्कूली विद्यार्थियों को टिकट दर में 20 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की गई। नियमित रूप से 400 रुपये प्रति विद्यार्थी के किराए के स्थान पर 320 रुपये की रियायती दर पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे अधिक से अधिक शैक्षणिक संस्थान इस पहल से जुड़ सकें।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के लिए सबसे खास अनुभव उत्तर प्रदेश विधानसभा का दौरा रहा। छात्रों ने विधानसभा कक्ष और मुख्य सदन को देखा। छात्र अथर्व त्रिपाठी ने बताया कि विधानसभा जाना और सदन को प्रत्यक्ष देखना अविस्मरणीय अनुभव रहा। लोकतंत्र के बारे में किताबों में पढ़ी गई बातों को वास्तविक रूप में देखना बिल्कुल अलग और प्रेरक अनुभव था। वहीं छात्रा सान्वी शुक्ला ने लखनऊ दर्शन बस की यात्रा को रोमांचक और शिक्षाप्रद बताया, जबकि मोनिशा वर्मा ने कहा कि इस यात्रा से उन्हें शहर के इतिहास को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।पर्यटन विभाग की ओर से भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के लिए सहज और उत्साहपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया गया। यात्रा के दौरान बच्चों को हल्का नाश्ता और स्मृति-चिह्न भी प्रदान किए गए, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा।अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने बताया कि लखनऊ की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से विद्यार्थियों और पर्यटकों को परिचित कराने वाली लखनऊ दर्शन बस सेवा ने कम समय में ही अपनी विशिष्ट पहचान बना ली है। यूपीएसटीडीसी द्वारा संचालित यह सेवा न केवल शहर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों को जोड़ रही है, बल्कि स्कूली छात्रों के लिए शैक्षिक अनुभव का सशक्त माध्यम भी बन रही है।लखनऊ दर्शन बस सेवा के यात्रियों के लिए 28 जनवरी का दिन विशेष रहा, जब उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बस यात्रियों से आत्मीय भेंट कर इस अभिनव पहल की सराहना की। उन्होंने इसे नागरिकों, विशेषकर युवाओं को प्रदेश की विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper