यूपी:लखपति दीदी की उपलब्धि को मिली राष्ट्रीय पहचान…

लखनऊ, राष्ट्रीय महिला आयोग के तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 29 जनवरी 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय राहटकर को उत्तर प्रदेश की लखपति दीदी प्रभा यादव पर आधारित एक आकर्षक कैनवस पेंटिंग भेंट की। यह पेंटिंग महिला आयोग द्वारा विशेष रूप से तैयार कराई गई थी, जो ग्रामीण महिला सशक्तिकरण की प्रेरक कहानी को दर्शाती है।प्रभा यादव उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी एक सशक्त स्वयं सहायता समूह सदस्य हैं। वे मुरली माता स्वयं सहायता समूह से संबद्ध हैं और बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की सक्रिय दुग्ध उत्पादक सदस्य के रूप में कार्य कर रही हैं। जनपद झांसी के ग्राम रसोई की निवासी प्रभा यादव ने अपने परिश्रम, लगन और उद्यमशील सोच के बल पर ‘लखपति दीदी’ के रूप में विशिष्ट पहचान स्थापित की है।वित्तीय वर्ष 2024-25 से दिसंबर 2025 तक प्रभा यादव ने बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी को कुल 3475 लीटर दूध की आपूर्ति कर लगभग 2.16 लाख रुपये का कारोबार किया है। वर्तमान में उनके पास सात दुधारू पशु हैं, जो उनकी सतत आजीविका और आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बने हुए हैं।इस अवसर पर डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि प्रभा यादव जैसी महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और आजीविका सृजन की सशक्त मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान और नई पहचान भी दिला रही है। यह योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.