कुशीनगर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत के 30 जनवरी दिन शुक्रवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय के सभागार में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तीन दिवस पूर्व जन्मी नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया गया। इस अवसर पर कुल 21 नवजात कन्याओं की माताओं को मिष्ठान, अंगवस्त्र, बेबी किट, हल्दी पैकेट, गुड़िया, चॉकलेट आदि उपहार प्रदान किए गए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियां अब किसी पर बोझ नहीं हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं स्वावलम्बन के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर बालिकाएं विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रही हैं। जिला मिशन समन्वयक नलिन सिंह ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपील किया कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर पात्र बालिकाओं को योजना का लाभ दिलाएं। उन्होंने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), वन स्टॉप सेंटर (181), वूमेन हेल्पलाइन (1090), आपातकालीन सेवाएं (112, 108, 102) आदि की जानकारी दी तथा संबंधित पंपलेट वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्याओं की माताओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई तथा पात्र बालिकाओं के आवेदन पत्र भरने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में स्टाफ नर्स राजेश्वरी, प्रीति सिंह, बंदना कुशवाहा, जेंडर स्पेशलिस्ट, नवजात कन्याओं के अभिभावक, नर्सिंग स्टाफ एवं आशा कार्यकर्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाकर किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिलीप, जिला प्रोबेशन अधिकारी ध्रुव चन्द्र त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी ए.के. दूबे एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुश्री अलंकृता की उपस्थित रहे।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper