यूपी बार काउंसिल चुनाव में तीसरे दिन वोटिंग जारी…

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के अंतिम चरण के तहत प्रयागराज में रविवार को तीसरे दिन भी मतदान जारी रहा। इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि प्रयागराज में बार काउंसिल चुनाव के लिए लगातार चार दिनों तक मतदान कराया जा रहा है।

रविवार को भी सुबह से ही बार काउंसिल परिसर के बाहर अधिवक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पहले और दूसरे दिन की तरह ही आज भी मतदाताओं, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए।

इस बार सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्रयागराज में करीब 33 हजार अधिवक्ताओं को चार दिनों में मतदान का अवसर दिया गया है। यह फैसला मतदाताओं की संख्या को देखते हुए लिया गया है।

अंतिम चरण में प्रयागराज के शेष 33 हजार वकील चार दिनों में मतदान कर रहे हैं। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार रविवार यानी तीसरे दिन तक करीब 14 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। शेष मतदाता सोमवार तक मतदान कर लेंगे।

मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बार काउंसिल परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का डायवर्जन किया गया है। मतदान स्थल को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है।

पूर्व महाधिवक्ता इमरान उल्लाह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का प्रयागराज में चार दिन तक मतदान कराने का फैसला सराहनीय है। इससे 33 हजार अधिवक्ता मतदाताओं को सुविधा मिल रही है। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि चुनाव को त्योहार की तरह मनाएं, अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और केवल प्रैक्टिसिंग वकीलों को ही चुनें। साथ ही उन्होंने कहा कि बार काउंसिल को राजनीति और कारोबारी सोच से दूर रखा जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Time limit exceeded. Please complete the captcha once again.