लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में प्रदेश भर में आयोजित किए जा रहे ‘‘संविधान संवाद महापंचायत कार्यक्रम’’ की श्रृंखला के तहत राजधानी लखनऊ के विधानसभा क्षेत्र सरोजनीनगर के नटकुर गांव में तीसरी संविधान संवाद महापंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री ने की। महापंचायत में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।संविधान संवाद महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने भाजपा सरकारों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि योजनाओं के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर है और आमजन के हितों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें जनकल्याण की बजाय केवल क्रोनी पूंजीवाद को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महापंचायत में उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि जनता संविधान में आस्था रखती है, लेकिन आज के समय में यह कहना कठिन हो गया है कि मताधिकार का सही प्रयोग हो पा रहा है या नहीं। एसआईआर के नाम पर वोट चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर करने का षड्यंत्र किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।अविनाश पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मातृ शक्ति भय के साये में जीवन जीने को मजबूर है। महिलाओं के खिलाफ लगातार अपराध हो रहे हैं और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि पुलिस अपराध रोकने के बजाय अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रूद्र दमन सिंह बबलू जैसे नेता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को अपनी समस्या मानते हैं और समाधान के लिए हर समय खड़े रहते हैं, ऐसे नेतृत्व की आज प्रदेश को आवश्यकता है।महापंचायत की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मजदूरों को सशक्त करने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी की सोच के अनुरूप मनरेगा जैसा कानून लाया गया था, जिससे मजदूरों को काम और सम्मान मिला। लेकिन भाजपा सरकार मजदूर और किसान विरोधी सोच के तहत ऐसे जनहितकारी कानूनों को कमजोर और समाप्त करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय जमीनें सस्ते दामों पर बड़े पूंजीपतियों को सौंपी जा रही हैं, लेकिन इसका कोई लाभ स्थानीय जनता को नहीं मिल रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एयरपोर्ट अडानी को और स्कूटर इंडिया की जमीन हिन्दुजा ग्रुप को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिला, जबकि कांग्रेस शासनकाल में उद्योगों की स्थापना के साथ रोजगार के अवसर सृजित किए गए थे।अजय राय ने जनता से अपील की कि वोट उसी नेता को दें जो जमीनी हो और जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहे। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल और मोबाइल बांटकर सत्ता में आने वाले लोग चुनाव जीतने के बाद जनता का कोई काम नहीं करते, ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।कार्यक्रम के आयोजक जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा स्कूटर इंडिया फैक्ट्री की स्थापना स्थानीय रोजगार सृजन के उद्देश्य से की गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उसकी जमीन हिन्दुजा ग्रुप को सौंप दी, जहां स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी जी की सोच पर आधारित मजदूर हितैषी कानून मनरेगा को कमजोर कर भाजपा सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है।संविधान संवाद महापंचायत में विधायक वीरेन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक इन्दल रावत, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. मसूद अहमद सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संविधान की रक्षा, लोकतंत्र को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper