सुलतानपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता के निर्देशन में पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के दौरान खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रतिभाओं को भी मंच मिला। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा परिषद की शिक्षिका एवं हैंडबाल नेशनल कोच अनुपम शुक्ला ने प्राथमिक विद्यालय सिपाह के बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम में मनमोहक प्रस्तुति देने पर प्रोत्साहन स्वरूप प्रति बच्चे 500-500 रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया।
बच्चों ने पारंपरिक गीत-नृत्य और समूह प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनका उत्साह दोगुना हो गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।
इस अवसर पर अनुपम शुक्ला ने कहा कि खेल और संस्कृति दोनों बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। ऐसे मंच बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। प्रतियोगिता में खेल भावना और सांस्कृतिक चेतना का यह संगम आयोजन को और भी यादगार बना गया।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper