लखनऊ। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2026 तथा उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) विधेयक 2026 को सदन में पुरस्थापित किया। उन्होंने दोनों विधेयकों को प्रस्तुत करते हुए सदन से इन्हें पुरस्थापित करने की अनुमति देने का आग्रह किया।प्रस्ताव पर सदन में मत व्यक्त कराया गया, जिसमें बहुमत से दोनों विधेयकों को पुरस्थापित करने की अनुज्ञा प्रदान की गई। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों से संबंधित प्रस्तावित संशोधनों पर आगे की विधायी प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त हो गया है।उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन संशोधन विधेयकों के माध्यम से विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सुचारु प्रशासनिक व्यवस्था और आधुनिक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराना है। इन संशोधनों से विश्वविद्यालयों में जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ेगी तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की स्थिति और मजबूत होगी।
Govardhan Times | गोवर्धन टाइम्स Hindi News Portal & NewsPaper